बीएनएमयू के छात्र सूरज की दोहरी उपलब्धि, राष्ट्रीय व अंतर-विश्वविद्यालय स्तर पर बढ़ाया मान

एनएसएस स्वयंसेवक के रूप में भी सूरज ने “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की.

मधेपुरा. बीएनएमयू के छात्र सूरज कुमार ने अंतर-विश्वविद्यालय और राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विश्वविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है. जानकारी के अनुसार एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी के तत्वावधान में आयोजित 39वें अंतर-विश्वविद्यालय पूर्वी क्षेत्र युवा महोत्सव (उत्साह -2026) में सूरज कुमार ने हिंदी वाग्मिता प्रतियोगिता में पाचवां स्थान प्राप्त किया था. एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटी द्वारा इस संबंध में प्रमाण-पत्र भूपेंद्र नारायण मंडल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो बीएस झा को प्रेषित किया गया. कुलपति के निदेशानुसार क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक परिषद् के निदेशक प्रो अबुल फजल एवं उप निदेशक डॉ जैनेंद्र कुमार ने सूरज कुमार को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया. यह प्रतिष्ठित आयोजन फकीर मोहन सेनापति विश्वविद्यालय, बालासोर (ओडिशा) में 27 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित हुआ, इसमें पूर्वी क्षेत्र के 13 राज्यों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच सूरज कुमार ने अपने प्रभावशाली वक्तृत्व कौशल से सभी को प्रभावित किया. इसी क्रम में एनएसएस स्वयंसेवक के रूप में भी सूरज ने “माय भारत बजट क्वेस्ट 2026” में राष्ट्रीय स्तर पर चयनित होकर एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की. यह कार्यक्रम खेल एवं युवा मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित किया गया था, जिसका उद्देश्य युवाओं को भारत की बजट प्रक्रिया से जोड़ना और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करना है. इस उपलब्धि के तहत सूरज कुमार को 12 एवं 13 अप्रैल 2026 को आयोजित राष्ट्रीय स्तर के वर्चुअल संवाद में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ सहभागिता का अवसर भी प्राप्त हुआ, इसमें उन्होंने सक्रिय भूमिका निभाई. सूरज कुमार की इस दोहरी सफलता पर विश्वविद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है. छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. अशोक कुमार यादव, कुलसचिव प्रो अशोक कुमार सिंह, एनएसएस समन्वयक डॉ विवेक कुमार, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अरुण कुमार झा, वित्त पदाधिकारी कृष्ण कुमार, वित्त परामर्शी चतुर किस्कू सहित अन्य पदाधिकारियों ने सूरज को शुभकामनाएं दी हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Kumar Ashish

Kumar Ashish is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >