मधेपुरा : भूपेंद्र नारायण मंडल विवि में संयुक्त छात्र संगठन का बीएनएमयू बचाओ आंदोलन लगातार 23 वें दिन भी जारी रहा. वहीं छात्र नेता मनीष कुमार एवं हर्षवर्द्धन सिंह राठौर विगत छह दिनों से अनिश्चितकालीन अशन पर बैठे हुए है. लेकिन विवि स्तर पर किसी प्रकार की पहल अब तक नहीं की गयी है. जिससे छात्रों में आक्रोश बढता जा रहा है.
छात्रों ने कहा कि सोमवार से अनशन के समर्थन में एवं विवि प्रशासन के खिलाफ विवि अंतर्गत सातों जिलों में कॉलेजों को बंद कराया जायेगा. उन्होंने कहा कि विवि प्रशासन की मनमानी नहीं चलेगी. मौके पर अनशनकारी एनएसयूआइ के प्रदेश महासचिव नेता मनीष कुमार ने कहा कि कुलपति ने छात्रों की मांगों को पूरा पंद्रह दिनों में पूरा करने की बात कही थी. लेकिन वादा कर विवि प्रशासन छात्रों के साथ वादाखिलाफी कर रही है.
उन्होंने कहा कि बीएनएमयू बचाओं आंदोलन में स्थानीय जनप्रतिनिधि के साथ-साथ सभी वर्ग को आगे आना चाहिए. मनीष ने विवि प्रशासन को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि छात्रों का भविष्य चौपट हो रहा है लेकिन कुलपति व कुलसचिव पटना में आराम फरमा रहे है. अनशनकारी एआईएसएफ के छात्र नेता हर्षवर्द्धन सिंह राठौर ने विवि प्रशासन की निष्क्रियता पर सवाल उठाते हुए कहा कि विवि प्रशासन अगर पहल नहीं करती है तो सोमवार से अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहे. उन्होंने कहा किसी भी कीमत पर यह लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ी जायेगी. विवि प्रशासन छात्रों के सब्र का इम्तिहान ले रही है. एनएसयूआई के प्रभात कुमार मिस्टर ने कहा कि विवि बंद रहने से छात्रों की परेशानी बढ गयी है. अगर छात्र परेशान होंगे तो विवि को भी परेशानी झेलनी पड़ेगी. उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विवि कई दशक पीछे जा चुका है. छात्र नेता हिमांशु राज ने विवि में व्याप्त अराजक स्थिति पर कुलाधिपति से पहल करने की मांग की. निशांत कुमार यादव एवं आर के रंजन ने कहा कि विवि प्रशासन छात्र आंदोलन की परीक्षा न ले अन्यथा सोमवार से विवि अंतर्गत सातों जिलों में स्थिति विस्फोटक हो सकती है. इस अवसर पर छात्र शशिभूषण कुमार, पूष्पकर कुमार, राजू कुमार, देवकांत दिवाकर, सुरेंद्र कुमार, प्रवीण कुमार, नवीन कुमार ,संजीव कुमार, पंकज कुमार मो सैफ सहित दर्जनों की संख्या में छात्र नेता मौजूद थे.
