कार्रवाई . अस्पताल के डॉक्टर व कर्मी गम्हरिया स्थानांतरित
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, घैलाढ में 17 सितंबर को घटी दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद पीएचसी को बंद कर दिया गया है. इसे फिलहाल, गम्हरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है. हालांकि, इससे स्थानी मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
गम्हरिया : घैलाढ पीएचसी को गम्हरिया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्थानांतरित कर दिया गया है. यह कार्रवाई जिला पदाधिकारी मो सोहैल व सिविल सर्जन डाॅ गदाधर पांडेय के आदेश पर हुई है.
हालांकि, यह फैसला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, घैलाढ में 17 सितंबर को घटी दुर्भाग्यपूर्ण घटना के बाद लिया गया है. दोनों अधिकारियों का कहना है कि यह निर्णय कर्मचारियों द्वारा समर्पित अभ्यावेदन पर विचार करने के बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है. गम्हरिया पीएचसी में मंगलवार को घैलाढ पीएचसी के पीएचसी प्रभारी डाॅ आनंद कुमार भगत, डाॅ अमित कुमार, डाॅ अजहर इकबाल, डाॅ ललन कुमार, डाॅ मो अकरम, पीएचसी मैनेजर धनंजय, बाबू कुमार, संतोष कुमार गुप्ता, प्रभात कुमार, मधुकर श्रीवास्तव, टीना शर्मा, रंजू कुमारी ने कार्यभार संभाला.
गौरतलब है कि जिले के घैलाढ प्रखंड मुख्यालय के बाजार स्थित इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार की मौत शनिवार को करंट लगने से हो गयी. बताया गया कि मुख्यालय स्थित वार्ड नंबर छह निवासी पंकज कुमार अपने मोबाइल दुकान में साफ सफाई कर रहा था. इस दौरान बिजली का करंट लग जाने से पंकज बेहोश हो गया. स्थानीय दुकानदारों के सहयोग से जब पंकज को पीएचसी घैलाढ लाया गया तो ड्यूटी पर तैनात प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा आनंद भगत ने पंकज को मृत घोषित कर दिया.
इसके बाद आक्रोशित परिजन वहां बवाल काटने लगे. इस दौरान मृतक के परिजन डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों के साथ मारपीट व् रोड़े बाजी करने लगे. डॉक्टर आनंद भगत को जान बचाना मुश्किल हो रहा था. वहीं कई कर्मी चार दिवारी कूद कर भागे तो कोई शौचालय में छूप कर अपनी जान बचायी.
बाद में घैलाढ़ थाना अध्यक्ष संजीव कुमार, एसआइ पशुपति सिंह, एएसआइ रामलखन यादव दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुँच कर मृतक के परिजन व उपद्रव करने वाले व्यक्तियों को काबू में किया था. वहीं परिजनों ने हॉस्पिटल के मेन गेट में ताला मार कर चौक के समीप मुख्य सड़क मार्ग को घंटों जाम कर दिया. पीएचसी में घटना को लेकर सारा काम काज ठप रहने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. इस तरह अगर पीएचसी लगातार बंद रहा तो घैलाढ प्रखंड क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा.
