मधेपुरा.
जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ बेहद सख्त हो गयी है. पिछले कुछ दिनों ( 20 अप्रैल से 25 अप्रैल) के दौरान चलाये गये विशेष अभियान में नियमों की अनदेखी करने वाले 453 वाहनों से कुल 8,08,000 रुपये का भारी जुर्माना वसूला गया है. यह कार्रवाई शहर के विभिन्न चौराहों और पॉश इलाकों में की गयी है.प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक मामले बिना हेलमेट गाड़ी चलाने के सामने आये है. 20 से 23 अप्रैल के बीच 305 वाहनों पर कार्रवाई हुई, जिनसे 5,74,000 रुपये जुर्माना वसूला गया. इसके बाद 24 अप्रैल को 66 वाहनों से 90,000 रुपये और 25 अप्रैल को 82 वाहनों से एक लाख 44 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया. इन मामलों में बिना हेलमेट, बीमा (इंश्योरेंस) की कमी, सीटबेल्ट न लगाना, बिना लाइसेंस गाड़ी चलाना, नो-पार्किंग एवं ट्रिपल लोडिंग जैसी लापरवाही मुख्य रूप से देखी गई. अभियान आगे भी जारी रहेगा. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा के लिहाज से बनाये गये नियमों का पालन न करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जायेगा. छापेमारी में पुलिस ने शहर के मुख्य स्थानों जैसे पुरानी बस स्टैंड, नारी शक्ति केंद्र एवं मिर्ची चौक जैसे व्यस्त इलाकों को विशेष रूप से लक्षित किया. प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राइविंग के दौरान जरूरी दस्तावेज साथ रखें एवं यातायात नियमों का पूरी निष्ठा से पालन करें, ताकि सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं को कम किया जा सके एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके. पुलिस के इस निरंतर सख्त रुख से वाहन चालकों में हड़कंप मचा हुआ है.
