* मुखिया व 12 वार्ड सदस्यों ने बीडीओ से की शिकायत
घैलाढ़: जिले के घैलाढ़ प्रखंड कार्यालय बिचौलियों के गिरफ्त में है. यह आरोप मुखिया संघ के अध्यक्ष सह झिटकिया पंचायत के मुखिया अशोक कुमार व पंचायत के सभी 12 वार्ड सदस्यों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेंद्र राम से मिल कर कही.
मुखिया व वार्ड सदस्यों ने बीडीओ से कहा कि यह कार्यालय बिचौलियों के हाथ में है. उन लोगों ने नाम लेते हुए कहा कि मनोज कुमार साह ग्राम पथरहा पंचायत झिटकिया आपके कार्यालय में रह कर सारा रिकार्ड देखता है और लाभार्थियों से मोटी रकम लेकर इंदिरा आवास का एडभाइस भेजवाता है. मुखिया ने बताया कि उनके पंचायत के 400 लाभार्थियों को प्रथम किस्त की राशि मिले लगभग दो वर्ष हो गया है.
उक्त राशि से लाभार्थियों ने अपना लिंटर तक कार्य पूर्ण कर चुका है, लेकिन प्रखंड कार्यालय में कार्य कर रहे बिचौलिया मनोज कुमार ने 86 लाभार्थियो से मोटी रकम लेकर उसका एडवाइस भेजवा दिया. बाकी बचे लाभार्थियों स रुपये की मांग की जा रही है.
मुखिया संघ के अध्यक्ष व वार्ड सदस्यों ने बताया कि मनोज कुमार को अपना छतदार मकान है और 25 वर्षो से उस मे रहा है, लेकिन उसका नाम बीपीएल में दर्ज है. उसके द्वारा अपनी पत्नी संजू देवी व भाभी सुलेखा देवी पति मिथिलेश साह के नाम से इंदिरा आवास की प्रथम व द्वितीय किस्त की राशि का भुगतान करा लिया गया है, जबकि इससे पूर्व अगस्त 2011 में ही पंचायत सचिव बेचू राम ने स्थल जांच कर छतदार मकान का रिपार्ट पूर्व बीडीओ विरेंद्र कुमार को दी थी.
तत्कालीन बीडीओ ने उसके इंदिरा आवास पर रोक लगा दिया था. फिर किस परिस्थिति में मनोज के परिजनों को इंदिरा आवास की प्रथम व द्वितीय किस्त की राशि का भुगतान किया गया. यह सरासर सरकारी राशि का दुर उपयोग है. जो बीडीओ द्वारा किया गया है. हद तो तब हो गयी. जब मुखिया ने बताया कि वार्ड नंबर नौ के ही जीतन ठाकुर पिता भूटर ठाकुर ने प्रथम किस्त की राशि का उठाव किया और बिना घर बनाये ही द्वितीय किस्त का राशि का भी भुगतान हो गया.
जबकि प्रथम किस्त मिलने पर लिंटर तक कार्य पूर्ण करने के बाद ही द्वितीय किस्त का भुगतान किया जाता है. लेकिन निमय को ताख पर रखते हुए रूपये की लालच में आकर आपने ऐसा किया है. वर्त्तमान मे भी वह फुस के घर में ही रह रहा है. उसके पास ईट का कोई मकान नही है.
इस बाबत बीडीओ ने कहा कि जांचोपरांत अगर ऐसा पाया गया तो लाभार्थियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए इंदिरा आवास में मिली राशि वापस ली जायेगी. बीडीओ ने कहा कि मनोज कुमार आज के बाद इस कार्यालय में वह नहीं रहेगा. दो दिन के अंदर आपके पंचायत के द्वितीय किस्त की राशि का एडभाईस संबंधित बैंक को भेज दिया जायेगा.
मौके पर पंचायत के सभी वार्ड सदस्य रणवीर यादव, विलाश यादव, महेंद्र सादा, संजय कुमार, किरण देवी, निलम देवी, मंजु देवी, विजय पासवान, बीमा देवी, सुनिता देवी, लक्ष्मण शर्मा मौजूद थे.
