मधेपुरा : डीएम नवदीप शुक्ला ने सोमवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में प्रेसवार्ता की. इस दौरान उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन व पुलिस हर तरह से तैयार है. आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले किसी सूरत में नहीं बचेंगे.
प्रत्याशी व उसके सहयोगियों द्वारा किए जा रहे खर्च के पाई-पाई का ब्यौरा देना होगा. उनकी हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है. वहीं एसपी संजय कुमार ने कहा कि कोई चुनावी प्रक्रिया में व्यवधान लाने की कोशिश न करे, वरना कठोर कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा इस बार सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखी जा रही है.
किसी भी ग्रुप में अवांछित संदेश प्रसारित करने पर प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी और प्राथमिकी के प्रथम अभियुक्त उस ग्रुप के एडमिन होंगे. उसके अलावा जिस सदस्य द्वारा मैसेज भेजा गया है. उस पर भी प्राथमिकी होगी.
23 अप्रैल को होगा मतदान: चुनाव आचार संहिता व अनुपालन के बारे में जानकारी दी जिला निर्वाचन अधिकारी सह डीएम नवदीप शुक्ला ने ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा होने वाले लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2019 की विभिन्न तिथियां घोषित कर दी गयी है. मधेपुरा जिले में तीसरे चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है. इस बाबत अधिसूचना 28 मार्च को जारी होगी.
नामांकन करने की अंतिम तिथि 4 अप्रैल, नामांकन की संविक्षा 5 अप्रैल, उम्मीदवार द्वारा नाम वापसी का अंतिम तिथि 8 अप्रैल, मतदान की तिथि 23 अप्रैल व मतगणना की तिथि 23 मई आयोग द्वारा तय की गई है. सम्पूर्ण चुनाव सम्पन्न की तिथि 27 मई निर्धारित की गई है.
लोक सभा सामान्य निर्वाचन 2019 के अन्तर्गत निर्वाचन प्रक्रिया की समस्त कार्यवाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सम्पन्न कराया जायेगा.
प्रेस नोट के साथ लग गयी है चुनाव आर्दश आचार संहिता:जिला निर्वाचन अधिकारी नवदीप शुक्ला ने बताया कि अधिसूचना जारी होने के साथ ही आर्दश आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है तथा लोक सभा सामान्य निर्वाचन को निष्पक्ष निर्भीक शांतिपूर्ण ढंग से सकुशल सम्पन्न कराने की पूरी तरह से कार्यवाही की जा रही है.
विभिन्न राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों आदि की निर्वाचन के सम्बन्ध में जितनी भी होर्डिंग, पोस्टर, बैनर, वालपेटिंग आदि हो उसे तत्काल हटाकर क्लीन कराया जा रहा है.
छह विधानसभा में 18,83000 वोटर: मधेपुरा लोकसभा अंतर्गत आलमनगर, बिहारीगंज, मधेपुरा, सोनवर्षा, सहरसा एवं महिषी विधानसभा है. वहीं कुल वोटर की संख्या 18,82,345 है. सर्विस वोटर की संख्या 1871 है.
कुल बूथों की संख्या 1940 है. जिले के आलमनगर विधानसभा के सहायक निर्वाचन पदाधिकारी उदाकिशुनगंज डीसीएलआर ललित कुमार, बिहारीगंज विधानसभा के सहायक निर्वाचन पदाधिकारी उदाकिशुनगंज एसबीएम तथा मधेपुरा विधानसभा के सहायक निर्वाचन पदाधिकारी मधेपुरा के एसडीएम बनाए गए हैं.
वहीं अतिरिक्त सहायक निर्वाचन पदाधिकारी के तौर पर अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मधेपुरा, जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी मधेपुरा एवं अपर समाहर्ता कार्यरत रहेंगे
टीपी कॉलेज में होगी मतगणना:जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा बताया गया कि मतगणना टीपी कॉलेज परिसर में होगी. किसी भी तरह की अनुमति के लिए सिंगल विंडो सिस्टम बनाया गया है या गौरतलब है कि अनुमति के लिए प्रखंड एवं थाना क्षेत्र की सीमाओं के अनुसार आवेदन देना है.
प्रेस वार्ता में मधेपुरा एसडीएम बृंदा लाल, उदाकिशुनगंज एसडीएम एसजेड हसन, उदाकिशुनगंज डीसीएलआर ललित कुमार, मधेपुरा डीसीएलआर गोपाल कुमार जिला सूचना विज्ञान अधिकारी सुनील कुमार समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद थे.
सुपौल लोकसभा के सिंहेश्वर एआरओ बने गोपाल: मधेपुरा जिला अंतर्गत सिंहेश्वर सुरक्षित विधानसभा सुपौल लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है. यहां के सहायक निर्वाचन पदाधिकारी डीसीएलआर मधेपुरा गोपाल कुमार को बनाया गया है.
वीवीपैट वाले इवीएम से होगा चुनाव:डीएम सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी नवदीप शुक्ला ने बताया कि इस बार लोकसभा चुनाव के दौरान वीवीपैट वाले ईवीएम से मतदान होगा. सभी मतदाता ईवीएम में बटन दबाने के बाद उनका वोट किसको गया है. इसे वीवीपैट में 7 सेकंड तक देख सकेंगे.
जिले को पर्याप्त मात्रा में वीवीपैट मशीन उपलब्ध कराई गई है. हर बूथ पर मॉक पोल के दौरान इसे चेक करने के बाद इस्तेमाल किया जाएगा. अभी जिले में 1285 मतदान केंद्र हैं. इनके विरुद्ध 1671 वीवीपैट उपलब्ध है.
