मुरलीगंज : मधेपुरा जिले के मुरलीगंज नगर पंचायत कार्यालय के गेट के बाहर नगर निकाय चुनाव में प्रत्याशी के रूप में वार्ड नंबर 14 से प्रत्याशी रही शिवांगी कुमारी की स्थिति रविवार को बिगड़ गयी. उसे तत्काल पीएचसी में भर्ती कर दिया गया है. शिवांगी बुधवार से अनशन कर रही है.
मौके पर तैनात मजिस्ट्रेट सुनील कुमार ने आनन फानन में अंचलाधिकारी को सूचित करते हुए चिकित्सा पदाधिकारी को फोन कर एंबुलेंस मंगवा कर शिवांगी को अस्पताल पहुंचाया गया. अनशनकारी जाप युवा नगर अध्यक्ष बिट्टू सिंह ने कहा कि हमलोगों का अनशन जारी है। हम लोग यहां पर है और शिवांगी अस्पताल में भी अनशन पर रहेगी, जब तक पदाधिकारियों के द्वारा हमारी मांगे पूरी नहीं की जाएगी तब तक अनशन जारी रहेगा.
फॉरेंसिक जांच की है मांग. शिवांगी कुमारी का कहना है कि हमने आरटीआइ से भी उनके अंतिम पुत्र कार्तिक कुमार के जन्म प्रमाण पत्र की कॉपी नगर पंचायत से मांगी पर उन्होंने उपलब्ध नहीं कार्रवाई और अब फर्जी तरीके से गलत रिपोर्ट भेज कर निर्वाचन आयोग एवं जिला पदाधिकारी को भी भ्रम में डाल रहे हैं. उन्होंने यहां तक कहा कि नगर पंचायत के द्वारा निर्गत पंजीयन संख्या 213 राजेश कुमार पिता रविंद्र पासवान माता अमृता देवी अंकित है. इस सत्यता की जांच जिले के वरीय पदाधिकारी सामने करें और इसे फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए निर्गत करें. यह कब का और कैसे बना हुआ है हम आमरण अनशन तोड़ने के लिए तैयार हैं.
बीडीओ ने जांच रिपोर्ट में किया खुलासा राजेश का है जन्म प्रमाणपत्र
बीडीओ के जांच रिपोर्ट के अनुसार नगर पंचायत मुरलीगंज से जन्म प्रमाणपत्र पंजीयन संख्या 213 के अवलोकन से पता चला कि उक्त जन्म प्रमाणपत्र राजेश कुमार पिता रविंद्र कुमार पासवान माता अमृता का है. जिसकी छाया प्रति जांच प्रतिवेदन के साथ संलग्न है. गौरतलब है कि उक्त प्रमाणपत्र उषा देवी के पुत्र कार्तिक कुमार के होने का आरोप लगाते हुए शिवांगी ने निर्वाचन रद्द करने की मांग की है. अगर वह जन्म प्रमाणपत्र राजेश कुमार का है तो फिर शिवांगी की शिकायत सही साबित नहीं हो सकेगी. वहीं शिवांगी एवं समर्थकों का मानना है कि प्रमाणपत्र में हेरफेर हुई है.
