चानन : रात होते ही प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत पड़ने वाली किऊल नदी से बालू माफियाओं द्वारा बालू उठाव का खेल शुरू हो जाता है़ इस दिशा में जानकारी होने के बावजूद पुलिस पदाधिकारी क्षेत्र के नक्सल प्रभावित होने की बात कह रात में बालू माफियाओं के खिलाफ ऑपरेशन चलाने से बचते रहते हैं. पुलिस प्रशासन द्वारा बालू माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई नहीं होते देख अब ग्रामीणों ने स्वयं बालू माफियाओं के खिलाफ अपना मोर्चा खोल दिया़
शनिवार की देर शाम लगभग सात बजे इटौन गांव के पास बीच सड़क पर बोल्डर बिछाकर ग्रामीणों ने प्रखंड के मलिया घाट स्थित किऊल नदी से बालू उठाव कर जा रहे बालू लदे ट्रैक्टरों का मार्ग अवरुद्ध कर दिया. जिससे 60 से 65 ट्रैक्टर मार्ग में फंस गये. समाचार लिखे जाने तक रात के साढ़े आठ बजे तक जाम जारी था. इस संबंध में लगातार सूचना दिये जाने के बावजूद पुलिस के कोई भी पदाधिकारी व जवान जाम लगने के एक घंटे तक जाम स्थल पर नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया.
चानन थानाध्यक्ष का फोन लगातार कवरेज एरिया से बाहर ही बताया जा रहा था. इधर, एसपी अरविंद ठाकुर ने कहा कि मामले के बारे में जानकारी ली जा रही है.
