मधेपुरा : सांसद सह जन अधिकार पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने गुरुवार को एल्स्टॉम के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट जीन फ्रेंसिस बूडों से मुलाकात कर कोसी क्षेत्र के बेरोजगारों को रोजगार देने के अलावा जिन किसानों की जमीन कारखाना में ली गयी है, उसके परिवार से एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की.
सांसद ने कहा जिस उदार तरीके से मधेपुरा की जनता ने कारखाना का स्वागत किया है, उसी उदारता से एल्स्टॉम को भी यहां के लोगों के प्रति अपनी जिम्मेवारी निभानी चाहिए.
सांसद से वार्ता के क्रम में एल्स्टॉम के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट जीन फ्रेंसिस बूडों ने आश्वस्त किया है कि वे कौशल विकास कर युवाओं को रोजगार देने का प्रयास करेंगे. विशेषकर उन किसानों के परिजनों को रोजगार देने का प्रयास किया जायेगा, जिनकी जमीन रेल कारखाना में अधिगृहित है. इसके अलावा सीआरएस के तहत मधेपुरा रेलवे स्टेशन का भी एल्स्टॉम द्वारा निर्माण किया जायेगा.
श्रेय लेने वाले जरा चालू कर दिखा दे स्लीपर फैक्ट्ररी. विद्युत रेल इंजन कारखाना का श्रेय लेने व देने वाले नेताओं को चुनौती देते हुए सांसद ने कहा कि मधेपुरा में वर्षों से स्लीपर फैक्ट्ररी बनकर तैयार है
इसके बावजूद प्रारंभ नहीं हो सका है. बैजनाथपुर पेपर मिल का हश्र यहां की जनता देख चुकी है. इसके बावजूद दावे करने वाले बाज नहीं आ रहे हैं. उन्होंने कहा बिहार सरकार अब तक सेंट्रल स्कूल के लिए मधेपुरा में जमीन तक नहीं दे सकी है. रेल इंजन कारखाना के जमीन अधिग्रहण के दौरान किसानों को चार गुणा मुआवजा दिलाने की लड़ाई रेलवे बोर्ड में उन्होंने लड़ी, जबकि बिहार सरकार के सहरसा के आयुक्त ने तो इस मामले में तो मना कर दिया था.
यूपीए व एनडीए की पहले भी सरकार रही है, लेकिन जनता बेहतर जानती है कि एक अदद रात्रिकालिन ट्रेन का भी परिचालन नहीं हो सका था. सांसद ने कहा आगामी 28 फरवरी को जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मधेपुरा आयेंगे, तो उनका प्रयास है कि वे सहरसा में राजधानी एक्सप्रेस को भी हरी झंडी दिखाये.
