डायरिया से बच्चे की मौत, दर्जनों आक्रांत

शंकरपुर : प्रखंड क्षेत्र के बेहरारी पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर तीन गुहिया टोला बेहरारी में डायरिया फैलने से एक वर्षीय बच्चे की मौत शनिवार की सुबह इलाज के लिए ले जाने के क्रम में हो गयी. वहीं दर्जनों लोग डायरिया से पीड़ित हैं. प्राप्त जानकारी अनुसार बेहरारी का गुहिया टोला एक सप्ताह से डायरिया की […]

शंकरपुर : प्रखंड क्षेत्र के बेहरारी पंचायत अंतर्गत वार्ड नंबर तीन गुहिया टोला बेहरारी में डायरिया फैलने से एक वर्षीय बच्चे की मौत शनिवार की सुबह इलाज के लिए ले जाने के क्रम में हो गयी. वहीं दर्जनों लोग डायरिया से पीड़ित हैं. प्राप्त जानकारी अनुसार बेहरारी का गुहिया टोला एक सप्ताह से डायरिया की चपेट में है.

इसमें अब तक में वासुदेव सरदार, पूनम देवी, चोठि सरदार, राजकुमारी देवी, वृक्षलाल सरदार, राजेंद्र सरदार, बमभोली सरदार, सुकृति सरदार, तिलाय सरदार, फूलो सरदार, दिनेश सरदार सहित कई परिवार के लोगों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराने के बाद स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो सदर अस्पताल मधेपुरा सहित प्राइवेट नर्सिंग होम में उपचार कराया गया है. हालांकि अभी भी कई लोग डायरिया से पीड़ित हैं.

एक वर्षीय डोमी की हो गयी मौत, गांव में मातम: मालूम हो कि शुक्रवार की रात भरोसी सरदार के एक वर्षीय पुत्र डोमी कुमार को उल्टी और दस्त होने लगा. रात अधिक होने के कारण परिवार के लोग सुबह होने का इंतजार करने लगे. सुबह होते ही बच्चे को उपचार के लिए मधेपुरा ले जाने लगे, लेकिन बच्चे की मौत रास्ते में ही हो गयी. इससे पीड़ित परिवार में चीख पुकार मच गया. स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि भरोसी सरदार के घर में केवल डोमी ही स्वस्थ बच्चा था, डोमी की सभी बहन समेत माता कुपोषण की शिकार है.
लोग हैं भयभीत, एक सप्ताह से हो रहे हैं बीमार: डायरिया से बच्चे के मरने के बाद मोहल्ले के लोगों में भय का माहौल है. लोगों का कहना है कि कहीं यह रोग और वृहद रूप न धारण कर किसी और की जिंदगी न लील ले. स्थानीय लोगों ने टोले में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र की सेविका और आशा पर आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि हम सभी महादलित परिवार के लोग हैं. पिछले एक सप्ताह से डायरिया फैला हुआ है, लेकिन किसी ने कोई सुधि नहीं ली. अब जब सभी पदाधिकारी टोले में पहुंचने लगे हैं, तो इन लोगों की चहल कदमी टोला में दिखायी देने लगी है.
52 लोगों का उपचार
पत्रकार के द्वारा डायरिया फैलने की सूचना अंचलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग को मिलते ही तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शंकरपुर की ओर से गुहिया टोला पहुंच कैंप लगाया गया और पीड़ितों का उपचार शुरू हुआ. चार बजे तक कैंप में 52 लोगों का उपचार किया गया. वहीं सीओ ज्ञान प्रकाश सेराफीम ने तत्काल गुहिया टोला पहुंच कर जांच पड़ताल की और पूरे टोले में ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव करवाया. सभी लोगों को आसपास साफ-सफाई रखने, छोटी मछली और बासी भोजन नहीं खाने की अपील की.
कहा कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं हो जाती है, तब तक इस मोहल्ले पर स्वास्थ्यकर्मी नजर रखेंगे. मौके पर डाॅ सतीश कुमार, फार्मासिस्ट हीरालाल सिंह, एएनएम मंजू कुमारी, तनुजा कुमारी, दीपक कुमार, गजेंद्र यादव, उपेंद्र यादव, कुमार सरदार, विनोद कुमार सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >