उदाकिशुनगंज : डाक विभाग सहरसा द्वारा उदाकिशुनगंज के सामुदायिक विकास भवन में सेमिनार का आयोजन कर कर्मियों का मोटिवेशन किया गया. सेमिनार में विभिन्न उपडाकघरों से पहुंचे ग्रामीण डाक सेवकों को पदाधिकारियों द्वारा डाकघरों में चल रहे नई – नई स्कीमों के बारे में बताया तथा वित्तीय वर्ष 2016-17 में सर्वश्रेष्ठ बिजनेस करनेवाले कर्मियों को डाक अधीक्षक के हाथों ट्रॉफी व मोमेंटो देकर प्रोत्साहित भी किया गया.
सेमिनार में उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सहरसा पूर्वी अनुमंडल के डाक निरीक्षक रोशन मिश्रा ने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में डाक विभाग भी दिन-प्रतिदिन हर क्षेत्र में लगातार अपना विस्तारीकरण कर रहा है. हम अपने विस्तृत नेटवर्क के माध्यम से हर घर तक पहुंच भी रहे हैं. आवश्यकता है हम डाक सेवा को निरंतर जनसेवा की तरह करते रहे. मिश्रा ने डाक विभाग की नई स्कीमों की जानकारी देते हुए बताया कि सभी कर्मचारियों ने ईमानदार मेहनत कर डाकघरों में बेटी बचाओ –
बेटी पढ़ाओ स्कीम के तहत खुलने वाले सुकन्या समृद्धि खाता, डाक जीवन बीमा, ग्रामीण डाक जीवन बीमा, प्रधानमंत्री जन सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, आवर्ती खाता, सेविंग खाता आदि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर एक कृतिमान सा रच दिया है.
