जीतापुर : मुरलीगंज प्रखंड के भतखोरा बाजार में पुलिस गश्ती के दौरान हवलदार रामसीसी कुमार एवं विष्णुदेश साह ने राजदूत मोटर साइकिल पर देशी शराब की 85 पाउच बरामद कर लिया. वहीं चालक मोटरसाइकिल छोड़ कर भागने में सफल रहा. जानकारी के अनुसार भतखोरा बाजार कैंप पुलिस गश्ती पर निकली हुई थी. एक व्यक्ति मोटर साइकिल बीआर 19 एफ 2852 पर सामान बांध कर जा रहा था. संदेह होने पर पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया. मगर वह भागने लगा और पास ही कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल छोड़ कर फरार हो गया. शराब की पाउच को पुलिस ने जब्त कर लिया.
सख्ती से शराबी गायब
घैलाढ़. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर घैलाढ़ पुलिस अतिरिक्त पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च कर रही है. इस कारण चौक चौराहों पर शराब पीकर हुड़दंग मचाने वालों का हौसला पस्त हो गया है. वहीं होटल मालिकों में हड़कंप मचा हुआ है. कोई भी नाश्ता दुकानदार शराबियों को अपनी दुकानों में फटकने तक नहीं देते है. घैलाढ़ पुलिस द्वारा आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जा रही है.
