LPG Gas Crisis: पटना में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की किल्लत ने आम जनता को पसीने छुड़ा दिए हैं. चौंकाने वाली बात यह है कि जिले में प्रतिदिन की बुकिंग करीब 27 हजार है, जबकि आपूर्ति 33 हजार से अधिक हो रही है.
इसके बावजूद, 1 लाख 55 हजार से अधिक सिलेंडरों का पुराना ‘बैकलॉग’ गले की फांस बना हुआ है. लोग 10-10 दिनों से बुकिंग कराकर अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं.
मुख्य सचिव का सख्त निर्देश
राज्य में गहराते इस संकट को देखते हुए मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने कमान संभाल ली है. मंगलवार को तेल कंपनियों और जिला प्रशासन के साथ हुई हाई-लेवल मीटिंग में उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बैकलॉग सिलेंडरों की आपूर्ति को पहली प्राथमिकता दी जाए. एलपीजी की कालाबाजारी और अवैध भंडारण करने वाले असामाजिक तत्वों और अनियमितता बरतने वाली एजेंसियों पर नकेल कसी जाए.
अब 25 दिन में मिलेगा दूसरा सिलेंडर
गैस की किल्लत को कृत्रिम रूप से बढ़ने से रोकने के लिए सरकार ने बुकिंग नियमों में बड़ा बदलाव किया है. अक्सर लोग डर के मारे गैस खत्म होने से पहले ही बुकिंग कर देते हैं, जिसे ‘पैनिक बुकिंग’ कहा जाता है. इसे रोकने के लिए ग्रामीण इलाकों में अब एक सिलेंडर लेने के बाद अगले सिलेंडर की बुकिंग के लिए 25 दिनों का अनिवार्य अंतराल तय कर दिया गया है. पहले यह सीमा 45 दिनों की थी, जिसे अब घटाकर उपभोक्ताओं को राहत दी गई है.
गैस कंपनियों ने अलग-अलग तरह के उपभोक्ताओं के लिए अलग नियम तय किए हैं. उज्जवला योजना के लाभार्थियों को अब और ज्यादा इंतजार करना पड़ेगा. इस योजना के तहत जुड़े लोगों को अगली बुकिंग के लिए 45 दिन का इंतजार करना अनिवार्य होगा. वहीं जिन उपभोक्ताओं के पास सिर्फ एक सिलेंडर वाला कनेक्शन है, वे पिछली डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकेंगे.
ग्रामीण इलाकों में रहने वाले उपभोक्ताओं के लिए नियम और सख्त किए गए हैं. वहां अगली बुकिंग के लिए 45 दिन का इंतजार जरूरी होगा. इसके अलावा डिलीवरी के समय ओटीपी बताना भी अनिवार्य कर दिया गया है. अगर कोई उपभोक्ता ई-केवाईसी पूरी नहीं करता है, तो उसकी बुकिंग रद्द भी की जा सकती है.
अफवाहों से बचें, राज्य में गैस का पर्याप्त स्टॉक
प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे धैर्य रखें और अफवाहों पर ध्यान न दें. एडीएम आपूर्ति रवींद्र कुमार दिवाकर ने साफ किया है कि आपूर्ति बुकिंग से कहीं ज्यादा हो रही है, बस पुराने बैकलॉग को क्लियर करने में थोड़ा समय लग रहा है.
मुख्य सचिव ने भरोसा दिलाया है कि राज्य में गैस का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है. अगर आप भी डिलीवरी का इंतजार कर रहे हैं, तो अपनी एजेंसी से संपर्क बनाए रखें और नए नियमों का पालन करें.
Also Read: JDU सांसद गिरधारी यादव के खिलाफ उतरे अपने ही पार्टी के नेता, कर दी अयोग्य ठहराने की मांग
