लखीसराय के कबैया थाना क्षेत्र के मकुना में गुरुवार सुबह मिले अज्ञात शव की पहचान सचिन कुमार के रूप में हुई है. मृतक के पिता ने प्रेम प्रसंग के विवाद में हत्या का आरोप लगाते हुए एक महिला को नामजद किया, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में महिला ने युवक के शराब के नशे में फंदे से झूलकर आत्महत्या करने और डर के कारण शव को ठिकाने लगाने का दावा किया है. पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं की जांच कर रही है.
मकुना में मिला था युवक का शव
कबैया थाना पुलिस को गुरुवार सुबह स्थानीय लोगों से सूचना मिली कि वार्ड नंबर 29 मकुना इलाके में एक शव पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रणधीर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी की. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
परिजनों ने की शव की पहचान
शुरुआत में पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से मृतक की पहचान कराने में जुटी थी. बाद में परिजनों ने शव की पहचान कबैया थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर 19 बाइपास मोहल्ला निवासी लखन यादव उर्फ सुरेंद्र यादव के पुत्र सचिन कुमार के रूप में की. पहचान होते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
प्रेम प्रसंग में हत्या का लगाया आरोप
मृतक के पिता लखन यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में प्रेम प्रसंग के विवाद को हत्या का कारण बताया है. उन्होंने मोहल्ले की ही एक महिला को नामजद करते हुए अपने पुत्र की हत्या किए जाने का आरोप लगाया. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी.
मुख्य आरोपी महिला गिरफ्तार
पुलिस ने परिजनों की शिकायत के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद महिला को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान महिला ने पुलिस के सामने अलग दावा किया है. महिला के अनुसार सचिन कुमार कथित तौर पर रोजाना शराब के नशे में उसके घर आता था. उसका दावा है कि बुधवार रात भी वह अत्यधिक नशे की हालत में घर पहुंचा और फंदे से झूलकर आत्महत्या कर ली.
पति पर शव ठिकाने लगाने का लगाया आरोप
गिरफ्तार महिला ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उसका पति कानूनी कार्रवाई के डर से शव को बोरे में बांधकर मकुना के पास फेंक आया था. पुलिस महिला के इस बयान की भी जांच कर रही है और कथित रूप से शामिल अन्य व्यक्ति की तलाश की जा रही है.
हत्या या आत्महत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज
कबैया थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है. मृतक के परिजनों के आरोप और गिरफ्तार महिला के बयान का सत्यापन कराया जा रहा है.पुलिस के अनुसार मौत का वास्तविक कारण हत्या है या आत्महत्या, इसका स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा. फिलहाल गिरफ्तार महिला से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है.
