Lakhisarai News: लखीसराय जिले के किऊल थाना क्षेत्र स्थित महेशलेटा पंचायत के पूर्व मुखिया शंभू पासवान के 19 वर्षीय पुत्र सुल्तान कुमार की गुजरात में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. शुक्रवार को युवक का शव गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया. घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है, जबकि पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है.
20 दिन पहले काम के लिए गया था गुजरात
परिजनों के अनुसार, सुल्तान कुमार करीब 20 दिन पहले रोजगार की तलाश में गुजरात गया था. वह अमरौली स्थित एक साड़ी फैक्ट्री में काम कर रहा था. परिवार को उम्मीद थी कि वह काम करके घर की आर्थिक स्थिति मजबूत करेगा, लेकिन कुछ ही दिनों बाद उसकी मौत की खबर ने पूरे परिवार को सदमे में डाल दिया.
कमरे में फंदे से लटका मिला शव
बताया गया कि मंगलवार को फैक्ट्री परिसर के कमरे में सुल्तान का शव बेल्ट के सहारे पंखे से लटका मिला. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
शव पहुंचते ही गांव में पसरा मातम
शुक्रवार को जैसे ही युवक का शव महेशलेटा गांव पहुंचा, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. बड़ी संख्या में ग्रामीण मृतक के घर पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी. सुल्तान अविवाहित था और उसकी असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है.
आत्महत्या या कुछ और, जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि युवक ने आत्महत्या की या उसकी मौत किसी अन्य परिस्थिति में हुई. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.
