मां की तेरहवीं के दिन ही पुत्र ने लगाई फांसी, मौलानगर में पसरा सन्नाटा

लखीसराय जिले के मौलानगर गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मां के तेरहवीं श्राद्ध के दिन ही 35 वर्षीय युवक दयानंद कुमार ने आत्महत्या कर ली. पारिवारिक कलह और अवसाद को इस घटना का संभावित कारण माना जा रहा है. पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है.

लखीसराय जिले के सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 13 स्थित मौलानगर गांव में शनिवार की देर शाम एक दुखद और हृदयविदारक घटना सामने आई. घर में मां के तेरहवीं श्राद्ध कार्यक्रम के बीच 35 वर्षीय युवक दयानंद कुमार ने अपने ही कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली. एक तरफ घर में मां के श्राद्ध का कार्यक्रम चल रहा था, वहीं दूसरी ओर बेटे द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम से परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया.

मां के निधन के बाद से गहरे अवसाद में था युवक

मृतक की पहचान मौलानगर निवासी सत्यनारायण प्रसाद साह के 35 वर्षीय पुत्र दयानंद कुमार के रूप में हुई है. परिजनों ने बताया कि शनिवार को दयानंद की मां स्वर्गीय मीना देवी का तेरहवीं का कार्यक्रम था. मीना देवी को कुछ दिन पूर्व ब्रेन हेमरेज होने के कारण इलाज के लिए पटना ले जाया गया था, जहां इलाज कराकर घर लौटने के उपरांत उनका निधन हो गया था. मां की मौत से दयानंद काफी दुखी था.

पारिवारिक कलह और अनबन बनी वजह

स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, दयानंद की शादी इसी वर्ष फरवरी में मुंगेर जिले की रहने वाली शालू कुमारी के साथ हुई थी. हालांकि, शादी के कुछ ही दिनों बाद से पति-पत्नी के बीच अनबन शुरू हो गई थी. पत्नी अधिकांश समय अपने मायके में ही रहती थी. कुछ सप्ताह पूर्व वह अपने ससुराल आई थी, लेकिन दोनों के बीच फिर से विवाद होने के बाद वह वापस मायके चली गई थी. दयानंद अपने तीन भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था.

फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

घटना की जानकारी मिलते ही मानिकपुर थानाध्यक्ष रणजीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया, जिसने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने मृतक की पत्नी के आने का इंतजार किया. उसके पहुंचने के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी की गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेज दिया गया.

पुलिस का बयान: लिखित आवेदन पर होगी आगे की कार्रवाई

मानिकपुर थानाध्यक्ष रणजीत कुमार ने बताया कि घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है. मृतक की पत्नी शालू कुमारी की ओर से मिलने वाले लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के तथ्य सामने आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजेश गुप्ता

राजेश गुप्ता प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सूर्यगढ़ा (लखीसराय) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >