-बड़हिया नगर परिषद में किया गया शोक सभा का आयोजन बड़हिया. सुलतानगंज नगर परिषद के सभापति राजकुमार गुड्डू के निधन पर बड़हिया नगर परिषद सभागार में शनिवार को शोकसभा आयोजित की गई. इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों व नगर कर्मियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रख श्रद्धांजलि दी. जानकारी हो कि भागलपुर जिले के सुलतानगंज नगर परिषद कार्यालय में 28 अप्रैल को हुए गोलीकांड में सभापति राजकुमार उर्फ गुड्डू गंभीर रूप से घायल हो गये थे. उन्हें पेट, सीने और सिर में गोली लगी थी. घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में पटना के कंकड़बाग स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान शनिवार सुबह करीब 9:28 बजे उनका निधन हो गया. चिकित्सकों ने ऑपरेशन कर गोली निकालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी स्थिति लगातार नाजुक बनी रही. उल्लेखनीय है कि 28 अप्रैल को अपराधियों ने मजदूर के वेश में नगर परिषद कार्यालय में घुसकर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी, जिसमें कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सभापति राजकुमार गुड्डू गंभीर रूप से जख्मी हो गये थे. घटना की पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी. पुलिस ने जांच के आधार पर मुख्य आरोपित रामधनी यादव की पहचान की थी, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया. बड़हिया नगर परिषद सभागार में आयोजित शोकसभा में सभापति डेजी कुमार, प्रतिनिधि सुजीत कुमार तथा नगर कार्यपालक पदाधिकारी आशुतोष आनंद चौधरी की मौजूदगी में श्रद्धांजलि अर्पित की गई. मौके पर वार्ड पार्षद अमित शंकर, प्रेमचंद प्रतिनिधि संजीव कुमार, बबलू कुमार, नगर परिषद कर्मी मृत्युंजय कुमार, मुन्ना शंकर कुमार, जितेंद्र कुमार समेत कई जनप्रतिनिधि व कर्मी उपस्थित थे.
सुलतानगंज नप के सभापति राजकुमार को दी श्रद्धांजलि
सुलतानगंज नगर परिषद के सभापति राजकुमार गुड्डू के निधन पर बड़हिया नगर परिषद सभागार में शनिवार को शोकसभा आयोजित की गई
