कजरा (लखीसराय). लगातार हो रही बारिश के कारण रविवार को कजरा रेलवे स्टेशन के समीप रेल ट्रैक पर जलजमाव हो गया. इसके बावजूद डाउन और अप लाइन पर ट्रेनों का परिचालन जारी रखा गया. डाउन लाइन से दो किऊल-जमालपुर डीएमयू पैसेंजर और नई दिल्ली-हावड़ा राजधानी एक्सप्रेस तथा अप लाइन से भागलपुर-सूरत एक्सप्रेस जलमग्न ट्रैक से होकर गुजरी. पटरी पर भरे घुटने भर पानी के बीच से ट्रेन गुजरने का दृश्य देख यात्रियों और स्थानीय लोगों की सांसें थम गईं. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
काफी मशक्कत के बाद ट्रेनों को सुरक्षित निकालने में मिली सफलता
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रेलवे के इंजीनियरिंग और ट्रैक मेंटेनेंस विभाग के कर्मी काफी मशक्कत के बाद ट्रेनों को सुरक्षित निकालने में जुटे रहे. लगातार पानी निकासी और ट्रैक की निगरानी की गई, लेकिन जलस्तर कम नहीं हो सका. लोगों का कहना है कि हर साल मानसून से पहले रेलवे द्वारा नालों की सफाई कराई जाती थी, जिससे पानी की निकासी आसानी से हो जाती थी.
समुचित सफाई नहीं होने से ट्रैक पर जलजमाव की बनी स्थिति
इस बार समुचित सफाई नहीं होने के कारण ट्रैक पर जलजमाव की स्थिति बनी. लोगों ने कहा कि रेलवे की पहली जिम्मेदारी यात्रियों की सुरक्षा है, उससे समझौता नहीं होना चाहिए. स्थानीय लोगों ने रेल प्रशासन से स्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए ही ट्रेनों का परिचालन सुनिश्चित करने की मांग की है.
