लखीसराय के सदर अस्पताल परिसर में सोमवार को विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता डीएस डॉ कुमार अमित ने की. इसका मुख्य उद्देश्य तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को सावधान करना और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था.
लखीसराय.
अस्पताल प्रबंधक नंदकिशोर भारती ने बताया कि एएनएम और जीएनएम स्कूल की प्रशिक्षु छात्राओं ने नुक्कड़-नाटक, पेंटिंग और अन्य क्रियाकलापों के माध्यम से तंबाकू के नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया. छात्राओं ने बताया कि तंबाकू सेवन से न केवल स्वास्थ्य बिगड़ता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गहरा नकारात्मक प्रभाव पड़ता है.प्रदर्शन के दौरान मुंह का कैंसर, फेफड़ों का कैंसर, हृदय रोग, श्वसन संबंधी समस्याओं समेत तंबाकू से होने वाली गंभीर बीमारियों की जानकारी दी गई. लोगों से तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाने की अपील की गई.
डीएस डॉ कुमार अमित ने इसकी अध्यक्षता की. उन्होंने कहा कि “तंबाकू धीमा जहर है जो धीरे-धीरे शरीर के अंगों को खत्म करता है. इसे छोड़ने से कई जानलेवा बीमारियों का खतरा काफी हद तक टाला जा सकता है।” उन्होंने तंबाकू छोड़ने के लाभ भी बताए.कार्यक्रम में डेंटिस्ट डॉ आरके उपाध्याय, डॉ आशीष कुमार, डॉ अश्विनी, वरिष्ठ जीएनएम सीमा कुमारी, प्रियंका सिन्हा, पूजा कुमारी, मंटू कुमार सहित अस्पताल के कई कर्मचारी मौजूद रहे.
