रेलवे ट्रैक पर अचानक बंद हो गया ट्रक का इंजन, 40 मिनट तक थमा रेल परिचालन
Copied link
Lakhisari News : लखीसराय के कजरा रेलवे फाटक पर मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक मालवाहक ट्रक रेलवे पटरी के बीचों-बीच अचानक बंद हो गया. ट्रक में डीजल खत्म होने से पैदा हुई इस स्थिति ने कुछ देर के लिए रेल प्रशासन और स्थानीय लोगों की सांसें रोक दीं. समय रहते ट्रक हटाए जाने से बड़ा रेल हादसा टल गया.
कजरा (लखीसराय)से सुनील कुमार की रिपोर्ट
Lakhisari News : कजरा पश्चिमी समपार फाटक पर मंगलवार सुबह एक मालवाहक ट्रक रेलवे ट्रैक पर फंस गया, जिससे रेल परिचालन करीब 40 मिनट तक प्रभावित रहा. ट्रक सूर्यगढ़ा की ओर से कजरा स्थित सोलर प्लांट के लिए सामान लेकर जा रहा था. रेलवे कर्मियों, गेटमैन और स्थानीय लोगों की तत्परता से ट्रक को सुरक्षित हटाया गया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका.
दोबारा ट्रक को स्टार्ट करने का किया प्रयास, नहीं मिली सफलता
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मालवाहक ट्रक जैसे ही कजरा पश्चिमी समपार फाटक को पार कर रहा था, तभी उसका इंजन अचानक बंद हो गया. चालक ने वाहन को दोबारा स्टार्ट करने का काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. देखते ही देखते ट्रक रेलवे लाइन के बीचों-बीच फंस गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
दोनों ओर लगी वाहनों की लंबी कतार
ट्रक के पटरी पर फंसते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी और संभावित दुर्घटना की आशंका से हर कोई चिंतित नजर आया. रेलवे फाटक पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हो गया.
गेटमैन की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए फाटक पर तैनात गेटमैन ने तुरंत कजरा रेलवे स्टेशन को सूचना दी. सूचना मिलते ही स्टेशन प्रशासन हरकत में आया और रेलवे कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से एक ट्रैक्टर बुलाया गया.
ट्रैक्टर और लोगों की मदद से हटाया गया ट्रक
काफी मशक्कत के बाद ट्रक को धक्का देकर और ट्रैक्टर की सहायता से रेलवे पटरी से पीछे हटाया गया. रेलवे ट्रैक पूरी तरह खाली होने के बाद ही रेल परिचालन को सामान्य किया गया. स्थानीय लोगों का कहना था कि यदि थोड़ी भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था.
कई ट्रेनें हुईं प्रभावित
घटना के कारण कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा. किऊल से जमालपुर जाने वाली 73428 डीएमयू करीब 40 मिनट की देरी से चली. वहीं जमालपुर से किऊल आने वाली 53479 डीएमयू लगभग 35 मिनट विलंबित हुई. इसके अलावा आनंद विहार से भागलपुर जाने वाली 12368 डाउन विक्रमशिला एक्सप्रेस भी करीब 15 मिनट प्रभावित रही.
राहत की सांस लेता दिखा रेलवे प्रशासन
रेलवे ट्रैक खाली होने और ट्रेनों का परिचालन सामान्य होने के बाद रेलवे अधिकारियों ने राहत की सांस ली. इस घटना ने एक बार फिर रेलवे फाटकों पर सतर्कता और वाहनों की तकनीकी जांच की आवश्यकता को रेखांकित कर दिया. समय पर की गई कार्रवाई ने एक संभावित बड़े हादसे को टाल दिया.