बाइपास पुल पर लगा बैरियर तोड़ा, पीडब्ल्यूडी ने कराया मरम्मत
पीडब्ल्यूडी ने कराया मरम्मत
-बालू माफिया पर उठ रहे सवाल
-पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से लगाया गया था हाइट बैरियर
लखीसराय
बाइपास लखीसराय के क्षतिग्रस्त पुल पर लगा हाइट बैरियर 27 मई की रात किसी भारी वाहन द्वारा तोड़ दिया गया. जिला प्रशासन के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने 28 मई को बैरियर की मरम्मत कराकर दोबारा लगवा दिया है. बता दें आईआईटी पटना की तकनीकी टीम के निरीक्षण के बाद पुल पर भारी वाहनों का परिचालन बंद करने का निर्देश दिया गया था. इसके बाद पीडब्ल्यूडी ने पुल के दोनों ओर हाइट बैरियर लगाये थे, जिससे भारी वाहनों का आवागमन रूक गया था. 27 मई की रात पुल के उत्तरी हिस्से का बैरियर तोड़ दिया गया. सुबह जिला प्रशासन को जानकारी मिलते ही एसडीओ प्रभाकर कुमार ने पीडब्ल्यूडी को मरम्मत के निर्देश दिये. सुबह ही बैरियर दुरुस्त कर फिर से भारी वाहनों का परिचालन रोक दिया गया. स्थानीय स्तर पर चर्चा है कि बैरियर तोड़ने के पीछे बालू माफिया का हाथ हो सकता है. एसडीओ प्रभाकर कुमार ने बताया कि सुबह बैरियर क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली थी. मरम्मत के बाद बैरियर फिर से लगा दिया गया है, ताकि भारी वाहनों का परिचालन न हो सके.