फोटो- सूर्यगढ़ा मैं शहीद का पार्थिव शरीर ले जाते हुए | Prabhat Khabar Network

लखीसराय के लाल की अंतिम विदाई, तिरंगे में लिपटकर पहुंचा हवलदार पंकज कुमार का पार्थिव शरीर

भारतीय सेना के हवलदार पंकज कुमार का जबलपुर में आकस्मिक निधन हो गया. उनका पार्थिव शरीर सूर्यगढ़ा पहुंचने पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी. तिरंगा लेकर युवाओं ने अगुआनी की और देशभक्ति गीतों से पूरा इलाका गूंज उठा. जगह-जगह भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई.

लखीसराय, सूर्यगढ़ा. भारतीय सेना में हवलदार के पद पर सेवारत सूर्यगढ़ा प्रखंड के जवान पंकज कुमार का मध्य प्रदेश के जबलपुर में आकस्मिक निधन हो गया. उत्तर प्रदेश के मथुरा स्थित कॉर्प्स ऑफ सिग्नल्स रेजिमेंट में सेवारत हवलदार पंकज कुमार जबलपुर में प्रमोशन प्रशिक्षण परेड में शामिल थे. इसी दौरान अचानक हृदयाघात आने के बाद उनका निधन हो गया. बुधवार की दोपहर करीब एक बजे सेना के विशेष वाहन और एंबुलेंस से उनका पार्थिव शरीर सूर्यगढ़ा पहुंचा. जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े.

तिरंगा लेकर शव वाहन की अगुआनी करने पहुंचे युवा

पंकज कुमार का पार्थिव शरीर सूर्यगढ़ा पहुंचने की सूचना के बाद क्षेत्र में बड़ी संख्या में युवा हाथों में तिरंगा लेकर सड़क पर उतर आए. लोग शव वाहन के पहुंचने का घंटों से इंतजार कर रहे थे. प्रखंड की सीमा पर रामपुर गांव के समीप से युवाओं ने तिरंगा लेकर शव वाहन की अगुआनी की.

देशभक्ति गीतों और "शहीद पंकज कुमार अमर रहें" के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा. लोगों की आंखों में जवान को खोने का दर्द साफ दिखाई दे रहा था.

जगह-जगह दी गयी भावभीनी श्रद्धांजलि

सूर्यगढ़ा में निस्ता गांव के समीप टाल फसल सुरक्षा समिति के महासचिव संदेश पटेल के नेतृत्व में लोगों ने जवान को श्रद्धांजलि दी. इसके बाद सूर्यगढ़ा थाना चौक पर वार्ड पार्षद सह पैक्स अध्यक्ष अधिवक्ता अमृत भाई पटेल के नेतृत्व में श्रद्धांजलि कार्यक्रम हुआ.

इस दौरान जेसीबी की मदद से शव वाहन पर पुष्प वर्षा की गयी. सूर्यगढ़ा बाजार में शहीद स्मृति चौक और शहीद द्वार के समीप भी बुद्धिजीवियों एवं स्थानीय लोगों ने दिवंगत जवान को पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

बाजार के व्यवसायियों ने भी किया नमन

सूर्यगढ़ा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी रवि शंकर प्रसाद सिंह उर्फ अशोक सिंह, चेंबर अध्यक्ष आलोक अग्रवाल, आपात अध्यक्ष प्रवीण राठौर, वाणिज्य संघ के सचिव शंभू वर्मा समेत कई लोगों ने जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी.

पार्थिव शरीर के सूर्यगढ़ा पहुंचने के दौरान पूरा बाजार गमगीन नजर आया. लोगों ने नम आंखों से सेना के जवान को अंतिम विदाई दी. इसके बाद पार्थिव शरीर को उनके पैतृक गांव टाल बंशीपुर ले जाया गया.

फोटो- सूर्यगढ़ा मैं शहीद का पार्थिव शरीर पहुंचने पर लोगों ने दी श्रद्धांजलि | Prabhat Khabar Network

13 मार्च 2006 को सेना में हुए थे शामिल

हवलदार पंकज कुमार ने 13 मार्च 2006 को भारतीय सेना में योगदान दिया था. परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार वह कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित सैनिक थे. उनका जन्म 2 मार्च 1986 को हुआ था.

पंकज कुमार मूल रूप से लखीसराय जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाल बंशीपुर गांव के रहने वाले थे. उनके पिता फौजदारी महतो किसान हैं, जबकि माता उषा देवी गृहिणी हैं. तीन भाइयों में पंकज कुमार सबसे बड़े थे.

पत्नी और दो बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़

पंकज कुमार के अचानक निधन से उनकी पत्नी बबीता कुमारी और दोनों बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. उनके 14 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार और 12 वर्षीय पुत्री निकिता कुमार हैं. जवान के निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया.

अंतिम विदाई के लिए उमड़ा पूरा क्षेत्र

हवलदार पंकज कुमार के पार्थिव शरीर के सूर्यगढ़ा पहुंचने पर जिस तरह स्थानीय लोगों ने तिरंगा लेकर उनकी अगुआनी की और जगह-जगह श्रद्धांजलि दी, उससे क्षेत्र में सेना के जवान के प्रति सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव दिखाई दिया. अंतिम यात्रा के दौरान देशभक्ति गीत और जयकारे गूंजते रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By राजेश गुप्ता

राजेश गुप्ता प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सूर्यगढ़ा (लखीसराय) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >