Lakhisarai News : स्कूल में छात्र ने अपने साथी छात्रों पर चाकू से किया वार, तीन जख्मी

बड़हिया नप स्थित वार्ड नंबर छह के श्रीकृष्ण मध्य विद्यालय में सोमवार की घटना

बड़हिया.

स्थानीय थाना क्षेत्र के नगर परिषद के वार्ड नंबर छह स्थित श्रीकृष्ण मध्य विद्यालय में सोमवार भोजनावकाश के दौरान दो छात्रों के बीच झगड़ा हो गया. इसके बाद गुस्से में आकर एक छात्र ने जेब में रखा चाकू निकाल कर दूसरे छात्र पर हमला कर दिया. इस बीच बचाने आये दो छात्र भी घायल हो गये. घायल तीनों छात्रों को तत्काल शिक्षकों ने बड़हिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां तीनों का प्राथमिक उपचार किया गया. घायल तीनों छात्रों में एक आठवीं व दो सातवीं कक्षा के छात्र हैं. वहीं हमला करने वाला छात्र भी सातवीं कक्षा का ही है. घायल छात्र की पहचान बड़हिया नगर के वार्ड नंबर पांच निवासी संजय सिंह का पुत्र ऋषभ कुमार, राजाराम कुमार का बेटा सुजीत कुमार एवं वार्ड नंबर छह के गुड्डू सिंह के बेटा ऋषिकेश कुमार है.

इस संबंध में विद्यालय के प्राचार्य पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि विद्यालय में भोजनावकाश के दौरान दो बच्चे आपस में किसी बात को लेकर झगड़ गये थे. इसी दौरान एक छात्र ने चाकू से तीन छात्रों पर हमला कर दिया. घायल छात्र की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है. इधर, पुलिस हमला करने वाले छात्र को पकड़ कर पूछताछ कर रही है. वहीं घटना सूचना मिलने के बाद बीईओ विनोद साह बड़हिया रेफरल अस्पताल पहुंचे. घायल तीनों बच्चों से मिले. साथ ही घटना की जानकारी विद्यालय के प्राचार्य पुरुषोत्तम कुमार से ली.

जानकारी के अनुसार, आरोपित छात्र को छह महीने पहले भी प्राचार्य ने विद्यालय में मारपीट व बदमाशी करने पर बाहर कर दिया था. इसके बाद उसके अभिभावकों के आग्रह और बदमाशी नहीं करने की बात कहे जाने पर उसे पुनः विद्यालय में प्रवेश दिया गया था. वहीं आरोपित छात्र ने बताया कि उसे बार-बार चिढ़ाया जाता था और आज उसके साथ तीनों में मारपीट की. जिसके बाद उसने अपनी जेब से चाकू निकाल कर तीनों पर हमला कर घायल कर दिया. इस संबंध में बड़हिया थानाध्यक्ष बृजभूषण सिंह ने बताया कि छात्र को पकड़कर पूछताछ की जा रही है, आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >