सूर्यगढ़ा : प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर में विशिष्ट शिक्षक के पद पर कार्यरत 50 वर्षीय सुरेश प्रसाद सिंह का बुधवार सुबह मानिकपुर थाना क्षेत्र के खांड़पर गांव स्थित आवास पर अचानक निधन हो गया. उनके निधन की खबर मिलते ही शिक्षा जगत और बुद्धिजीवियों में शोक की लहर दौड़ गयी.
बिहार पंचायत नगर प्रारंभिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष वरुण कुमार समेत कई शिक्षक उनके आवास पर पहुंचे. शिक्षकों ने पार्थिव शरीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी और अंतिम विदाई दी.
2003 में शिक्षा मित्र के रूप में हुई थी बहाली
शिक्षक नेता वरुण कुमार ने बताया कि सुरेश प्रसाद सिंह की 2003 में शिक्षा मित्र के रूप में बहाली हुई थी. इसके बाद वे शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं देते रहे और वर्तमान में प्राथमिक विद्यालय भवानीपुर में विशिष्ट शिक्षक के रूप में कार्यरत थे.
देवघर से लौटने के बाद बिगड़ी थी तबीयत
बताया गया कि कुछ दिन पहले सुरेश प्रसाद सिंह पैदल देवघर गये थे. लौटने के बाद उनके पैर में फोड़ा हो गया था. वे डायबिटीज से भी पीड़ित थे. जख्म बढ़ने पर करीब पांच दिन पहले सूर्यगढ़ा के एक क्लीनिक में उनका ऑपरेशन कराया गया था.
परिजनों के अनुसार ऑपरेशन के बाद उनकी तबीयत में सुधार होने के बजाय लगातार बिगड़ती गयी और बुधवार सुबह उनका निधन हो गया.
शिक्षकों ने जताया गहरा दुख
सुरेश प्रसाद सिंह के निधन पर मध्य विद्यालय मौला नगर के प्रधानाध्यापक जटाशंकर शर्मा, उत्क्रमित मध्य विद्यालय कोनीपार के स्नातक शिक्षक संदेश पटेल, उत्क्रमित माध्यमिक विद्यालय टाल बंशीपुर के प्रधानाध्यापक वरुण कुमार समेत कई शिक्षकों और गणमान्य लोगों ने गहरा शोक व्यक्त किया.
