सूर्यगढ़ा (लखीसराय) : सूर्यगढ़ा प्रखंड के बुधौली बनकर पंचायत अंतर्गत रामायण कालीन महत्व वाले प्रसिद्ध श्रृंगी ऋषि धाम में असामाजिक तत्वों द्वारा वहां सजी दुकान में आग लगा देने की घटना सामने आई है. घटना शुक्रवार एवं शनिवार के बीच रात की है. आग लगने से श्रृंगी ऋषि धाम परिसर में सजी मीना बाजार, खाने पीने की होटल, खिलौने एवं प्रसाद की आधा दर्जन दुकानों को क्षति हुआ है. यहां आग लगी में लाखों की क्षति होने की बात कही जा रही है.
घटना को लेकर दुकानदारों में है आक्रोश
घटना से स्थानीय दुकानदारों में आक्रोश देखा जा रहा है. घटना के बाद श्रृंगी ऋषि धाम परिसर में दुकानदारों ने घटना का विरोध जताते हुए मुआवजे एवं कार्रवाई की मांग को शनिवार को अपनी दुकान बंद रखने का निर्णय लिया. सूचना के बाद बन्नू बगीचा थाना की पुलिस घटनास्थल पहुंचकर मामले की जानकारी ली. बन्नू बगीचा थानाध्यक्ष संजीता कुमारी ने बताया कि यहां तीन दुकान को आग लगने से क्षति हुई है. थानाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
पर्याप्त सुरक्षा का अभाव स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रकृति की गोद में बसे श्रृंगी ऋषि धाम कभी नक्सलियों का प्रभाव क्षेत्र वाला स्थान रहा है. आज हालात बदल गए. यहां काफी संख्या में श्रद्धालु पूजा अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं. सावन माह में यहां श्रद्धालुओं के भीड़ होती है. सावन माह की दूसरी सोमवारी आने वाला है. इस धाम में सुरक्षा व्यवस्था की कमी है. यहां 24 घंटे पुलिस की निगरानी होनी चाहिए. यहां पुलिस कैंप नहीं होने से परेशानी बनी हुई है.
कमेटी के कार्य शैली पर भी उठ रहा सवाल स्थानीय लोगों ने कमेटी की कार्य शैली पर भी सवाल उठाया है. लोगों की शिकायत है कि यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा, दुकानदारों की सुरक्षा आदि का ख्याल नहीं रखा जा रहा है. कमेटी का गठन कर महज खाना पूर्ति की जा रही है.
