फुटपाथ पर एक ही परिवार के तीन लोगों को स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर, बेटी की मौत, मां व भाई जख्मी

स्कॉर्पियो असंतुलित होकर फुटपाथ पर चढ़ गया. जिसकी चपेट में एक ही परिवार के तीन लोग आ गये. जिसमें से एक 12 वर्षीय बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी

सूर्यगढ़ा.

स्थानीय बाजार स्थित पब्लिक हाई स्कूल के समीप मछली बाजार के पास मंगलवार की सुबह सवा दस बजे एक स्कॉर्पियो असंतुलित होकर फुटपाथ पर चढ़ गया. जिसकी चपेट में एक ही परिवार के तीन लोग आ गये. जिसमें से एक 12 वर्षीय बच्ची की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी. जबकि मृतका की उसकी मां एवं भाई गंभीर रूप से जख्मी हो गये. मृतका की पहचान सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के सलेमपुर निवासी मनोज शर्मा की 12 वर्षीय पुत्री वैष्णवी कुमारी के रूप में हुई. हादसे में वैष्णवी की मां 35 वर्षीय रजनी देवी एवं उसका 14 वर्षीय भाई सुजल कुमार जख्मी हो गया. दोनों घायलों का सूर्यगढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार हुआ. जहां से रजनी देवी को बेहतर उपचार के लिए सदर अस्पताल लखीसराय रेफर कर दिया गया. घटना के प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतका अपनी मां एवं भाई के साथ फुटपाथ से जा रही थी. तभी अचानक स्कॉर्पियो असंतुलित होकर सड़क के पश्चिम दिशा में फुटपाथ पर चढ़ गया. जिससे उसकी चपेट में मौत का शिकार बनी वैष्णवी, उसकी मां एवं भाई आ गये. जिसमें वैष्णवी की घटना स्थल पर ही मौत हो गयी. दो अन्य घायलों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य सूर्यगढ़ा लाया गया.सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष भगवान राम ने बताया कि पुलिस ने स्कॉर्पियो को जब्त कर चालक को हिरासत में लिया है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. कागजी प्रक्रिया पूर्ण कर ली गयी है. मामले की प्राथमिकी लखीसराय स्थित यातायात थाना में होनी है.

मुंगेर में विवाह समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे सभी

मृतका के परिजनों ने बताया कि पांच मई को मुंगेर में रिश्तेदार के यहां शादी थी. पूरा परिवार शादी में गया हुआ था. मंगलवार की सुबह मृतका अपनी मां एवं भाई के साथ बस से सूर्यगढ़ा लौटी. बड़ी दुर्गा मंदिर में माथा टेककर तीनों लोग फुटपाथ के सहारे पैदल घर जा रहे थे. तभी मछली बाजार के समीप हुए हादसे का शिकार हो गये. वहीं घटना की जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष भगवान राम के नेतृत्व में सूर्यगढ़ा थाना की पुलिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा पहुंचकर मामले की जानकारी ली और कागजी प्रक्रिया पूर्ण कर सबको पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेज दिया. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर लोजपा (रामविलास) के प्रदेश उपाध्यक्ष रविशंकर प्रसाद सिंह उर्फ अशोक सिंह, पूर्व मुखिया अजय कुमार सिंह उर्फ पिक्कू सिंह आदि सूर्यगढ़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और घटना का शिकार परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी. घटना के बाद सूर्यगढ़ा पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया है. वहीं किऊल थाना क्षेत्र का खगौर निवासी विमल मंडल का पुत्र सह स्कार्पियो चालक दीपक कुमार को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया. स्कार्पियो चालक ने बताया कि वह गाड़ी लेकर खगड़िया गया था. वहां से खाली गाड़ी लेकर वापस लौट रहा था. नींद आ जाने की वजह से गाड़ी असंतुलित हो गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DHIRAJ KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >