School Theft : प्रखंड के उच्च माध्यमिक विद्यालय गंगासराय में शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया. चोर विद्यालय के कार्यालय और कक्षाओं में घुसकर लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर फरार हो गए. घटना की जानकारी रविवार सुबह स्कूल खुलने पर हुई, जिसके बाद शिक्षकों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया.
कार्यालय और स्मार्ट क्लास को बनाया निशाना
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार चोर कार्यालय में रखा एलईडी टीवी, प्रिंटर सहित कई आवश्यक उपकरण अपने साथ ले गए. इसके अलावा एक वर्ग कक्ष में लगा एलईडी टीवी भी खोलकर चोरी कर लिया गया. चोरी की इस घटना से विद्यालय को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है.
सभी चाबियां भी ले गए चोर
चोरी की वारदात में सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि चोर विद्यालय की सभी चाबियां भी अपने साथ ले गए. इसके कारण स्मार्ट क्लास सहित दो कक्ष अभी भी बंद हैं. विद्यालय प्रबंधन का कहना है कि बंद कमरों के ताले खुलने के बाद ही चोरी हुए सामान का सही आकलन किया जा सकेगा. आशंका है कि अन्य कीमती उपकरण भी चोरी हुए हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही बड़हिया पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
विद्यालय में हुई चोरी की घटना के बाद छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों में चिंता का माहौल है. ग्रामीणों ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, रात्रि गश्ती बढ़ाने तथा सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम करने की मांग की है.
