लखीसराय : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा 2026 अभियान के तहत सरस्वती विद्या निकेतन सह राज्य संपोषित उच्च विद्यालय, मननपुर के प्रांगण से भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गयी. यात्रा में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया.
देशभक्ति के नारों से गूंजा मननपुर बाजार
विद्यालय परिसर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा मननपुर बाजार चौक और आसपास के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः विद्यालय परिसर पहुंचकर संपन्न हुई. यात्रा के दौरान विद्यार्थियों के देशभक्ति के नारों से पूरा मननपुर बाजार गूंज उठा. छात्रों ने क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया.
विद्यार्थियों ने लोगों से अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने की अपील की.
शिक्षकों ने विद्यार्थियों को किया जागरूक
तिरंगा यात्रा में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने विद्यार्थियों के साथ कदम से कदम मिलाकर हिस्सा लिया और उनका मार्गदर्शन किया. इस दौरान बच्चों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्रीय चेतना के प्रति भी जागरूक किया गया.
विद्यालय परिवार की इस पहल से पूरे क्षेत्र में देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल बना रहा. स्थानीय लोगों ने भी तिरंगा यात्रा में शामिल विद्यार्थियों के उत्साह की सराहना की. विद्यालय की इस पहल से हर घर तिरंगा अभियान का संदेश लोगों तक पहुंचाने में मदद मिली.
