Lakhisarai Student Protest Case : 25 जुलाई को हुए छात्र आंदोलन के दौरान हिंसा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है. अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि कई अन्य की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.
राजद युवा जिलाध्यक्ष समेत दो आरोपी पहुंचे जेल
कवैया थाना पुलिस ने रविवार देर शाम राजद युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनय कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया. इससे पहले शनिवार को इसी मामले में जमुई मोड़ से सदर प्रखंड की कछियाना पंचायत के विक्कम गांव निवासी पीयूष कुमार को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. पुलिस का कहना है कि दोनों पर छात्र आंदोलन के दौरान उपद्रव और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने के आरोप हैं.
13 नामजद और 100 अज्ञात के खिलाफ दर्ज है प्राथमिकी
थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने बताया कि इस मामले में 13 नामजद और लगभग 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी.
सीसीटीवी और सोशल मीडिया फुटेज से हो रही पहचान
पुलिस ने बताया कि घटना स्थल के सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों के आधार पर अब तक 19 लोगों की पहचान की जा चुकी है. अन्य संदिग्धों की भी पहचान की प्रक्रिया जारी है. पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है, ताकि घटना में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.
सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों पर सख्त कार्रवाई
थानाध्यक्ष रणधीर कुमार ने स्पष्ट कहा कि कानून-व्यवस्था भंग करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच जारी है और दोषियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी.
