लखीसराय : लखीसराय जिले में बुधवार को मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा. मंगलवार की तरह बुधवार को भी पूरे दिन गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जतायी गयी है. मौसम पूर्वानुमान के अनुसार दिनभर बादल छाये रहेंगे और रात में भी बौछारें पड़ सकती हैं. इस दौरान हवा की रफ्तार 15 से 17 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास रहने का अनुमान है.
लगातार बारिश से बढ़ी जलजमाव की समस्या
पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण जिले का मौसम ठंडा हो गया है. बारिश का पानी कई जगहों पर गड्ढों में जमा है, जबकि निचले इलाकों में भी जलजमाव की स्थिति बन गयी है. ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोगों को आवाजाही के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
किऊल नदी का जलस्तर बढ़ा, बाढ़ का खतरा
लगातार पांच-छह दिनों से हो रही बारिश का असर किऊल नदी के जलस्तर पर भी दिख रहा है. नदी का पानी लगातार बढ़ रहा है. अगर बारिश इसी तरह जारी रही तो आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ सकता है.
पुरवा हवा से सुहाना हुआ मौसम
बुधवार सुबह से पुरवा हवा चलने के कारण मौसम सुहाना बना हुआ है. तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा रही है. मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक आज अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है. हवा में नमी करीब 86 प्रतिशत रह सकती है.
लगातार बारिश और बादल के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली है, लेकिन निचले इलाकों में जलजमाव और नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर सावधानी जरूरी है.
