लखीसराय. प्रदर्शन के दौरान सड़क जाम करने की कोशिश, वाहनों पर हमला, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने, पुलिस पर हमला करने और वाहनों को जलाने वाले लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. इसके लिए उग्र हुए छात्र संगठन के नेताओं और अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान की जाएगी. एसडीपीओ शिवम कुमार ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान किसी तरह की तोड़-फोड़ या सरकारी संपत्ति को क्षति न पहुंचाने को लेकर पूर्व में ही टाउन थाना में एक बैठक आयोजित कर छात्र संगठन के नेताओं से अपील की गई थी, जिस पर नेताओं ने सहमति भी जताई थी, लेकिन शनिवार को जमुई मोड़ के समीप कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर हमला करने, वाहनों पर हमला करने और वाहन जलाने जैसे दुस्साहसिक कृत्य को अंजाम दिया.
दर्ज करायी जाएगी प्राथमिकी
ऐसे लोगों की पहचान कर उन पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए लाउडस्पीकर से बार-बार छात्र संगठन के नेताओं से अपील करने के बावजूद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को चोट पहुंचाने, वाहनों को क्षतिग्रस्त करने और वाहनों को जलाने जैसे दुस्साहसिक कार्य किए हैं। इन सभी मामलों को लेकर छात्र संगठन के नेताओं और अन्य शामिल लोगों की पहचान कर उन पर प्राथमिकी दर्ज की जायेगी.
