बहन को ट्रेन पर बैठाने गये व्यक्ति की किऊल स्टेशन पर अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत

किऊल रेलवे स्टेशन पर दिल का दौरा पड़ने से 55 वर्षीय राजू राय की मौत हो गई. वे प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे. आरपीएफ ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.

लखीसराय : सूर्यगढ़ा पुरानी बाजार निवासी और शहीद स्मृति चौक के समीप छेना मिठाई की दुकान चलाने वाले 55 वर्षीय राजू राय की बुधवार को किऊल रेलवे स्टेशन पर अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गयी. वह अपनी बहन को ट्रेन तक छोड़ने के लिए स्टेशन पहुंचे थे. बहन रक्षाबंधन के अवसर पर सूर्यगढ़ा आयी थीं और बुधवार को मुजफ्फरपुर स्थित अपने घर लौट रही थीं.

किऊल स्टेशन पहुंचने के दौरान अचानक राजू राय की तबीयत खराब हो गयी. सूचना मिलने पर जीआरपी ने परिजनों को जानकारी दी और उन्हें इलाज के लिए लखीसराय सदर अस्पताल पहुंचाया गया. वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. प्रारंभिक तौर पर हृदयाघात से मौत की आशंका जतायी जा रही है.

मौत की खबर से सूर्यगढ़ा बाजार में मातम

राजू राय की असामयिक मौत की खबर मिलते ही सूर्यगढ़ा बाजार में शोक की लहर दौड़ गयी. वह स्व. देवेंद्र राय उर्फ देवी राय के बड़े पुत्र और परिवार के कमाऊ सदस्य थे. अचानक हुई मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

स्थानीय लोगों के अनुसार बुधवार को किऊल स्टेशन जाने से पहले राजू राय ने सूर्यगढ़ा के स्मृति चौक स्थित शिव महावीर मंदिर में पूजा-अर्चना भी की थी.

छेना मिठाई के लिए मशहूर थी दुकान

सूर्यगढ़ा बाजार में शहीद स्मृति चौक के समीप स्थित राजू राय की पैतृक मिठाई दुकान छेना मिठाई के लिए खास तौर पर प्रसिद्ध थी. दुकान की यह पहचान उनके पिता स्व. देवी राय के समय से चली आ रही थी. दूर-दराज से आने वाले लोग भी यहां की छेना मिठाई का स्वाद लेने पहुंचते थे.

पिता के निधन के बाद राजू राय ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया. उनके निधन से सूर्यगढ़ा बाजार ने अपनी चर्चित छेना मिठाई की दुकान के एक पहचाने चेहरे को खो दिया.

व्यवसायियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जताया शोक

राजू राय के निधन पर चेंबर अध्यक्ष आलोक अग्रवाल, आपात अध्यक्ष प्रवीण राठौर, सचिव प्रेम कुमार, पत्रकार राजेश कुमार गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता विमल वर्मा, वाणिज्य संघ के सचिव शंभू वर्मा, दवा कारोबारी मोनू केडिया समेत कई लोगों ने शोक संवेदना व्यक्त की.

परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच इस अचानक हुई मौत को लेकर गहरा दुख है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >