सूर्यगढ़ा के निस्ता गांव में सूने घर से ढाई लाख के जेवर और नकदी चोरी, शादी में गया था परिवार

लखीसराय के निस्ता गांव में एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। परिवार शादी में गया हुआ था, उसी दौरान चोरों ने रोशनदान के रास्ते घर में घुसकर लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Lakhisarai Theft: सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के निस्ता गांव में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक बंद घर में चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया. घटना के समय गृहस्वामी अपने बेटे की शादी के सिलसिले में पूरे परिवार के साथ अशोक धाम गए हुए थे. देर रात घर लौटने पर चोरी की घटना का पता चला.

शादी में गया था पूरा परिवार

पीड़ित सहदेव साव, पिता स्व. ननकू साव, ने बताया कि बेटे की शादी के कारण पूरा परिवार घर में ताला लगाकर अशोक धाम गया था. शादी संपन्न होने के बाद रात करीब दो बजे जब सभी लोग वापस लौटे तो घर का मुख्य ताला सही-सलामत मिला. अंदर प्रवेश करने पर कमरे में रखा गोदरेज खुला हुआ था.

लॉकर से जेवर और नकदी गायब

गोदरेज की जांच करने पर लॉकर से करीब ढाई भर सोने के जेवर, 30 भर चांदी के आभूषण तथा दो हजार रुपये नकद गायब मिले. पीड़ित के अनुसार चोरी गए जेवरात की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये है.

रोशनदान के रास्ते घर में घुसे चोर

Lakhisarai Theft: प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोर रोशनदान के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए. इसके बाद उन्होंने गोदरेज का लॉकर खोलकर जेवरात और नकदी चोरी कर ली तथा फरार हो गए.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद सूर्यगढ़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर भी जांच कर रही है.

थानाध्यक्ष ने क्या कहा

सूर्यगढ़ा थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया. पीड़ित के लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

राजेश गुप्ता प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सूर्यगढ़ा (लखीसराय) क्षेत्र में काम कर रहे हैं. सामाजिक गतिविधि, खेल, इतिहास और राजनीतिक गतिविधियों की खबरों में रुचि रखते हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >