आस्था और अटूट विश्वास का प्रतीक : सूर्यगढ़ा से निकली खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा

मंगलवार की सुबह सूर्यगढ़ा प्रखंड में आस्था, श्रद्धा और भक्ति भाव से सराबोर माहौल के बीच खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा का शुभारंभ हुआ.

सूर्यगढ़ा. मंगलवार की सुबह सूर्यगढ़ा प्रखंड में आस्था, श्रद्धा और भक्ति भाव से सराबोर माहौल के बीच खाटू श्याम की भव्य निशान यात्रा का शुभारंभ हुआ. सुबह करीब सात बजे सूर्यगढ़ा बाजार से निकली यह यात्रा श्याम भक्तों के अटूट विश्वास और सामूहिक श्रद्धा का सजीव उदाहरण बनी. यह यात्रा पैदल करीब 18 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र स्थित श्याम मंदिर में ध्वजा अर्पण के साथ संपन्न होगी. यात्रा में करीब 150 महिला, पुरुष, युवा, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए. सभी श्रद्धालु हाथों में श्याम बाबा का निशान लिए “जय श्री श्याम” के जयघोष के साथ आगे बढ़ते नजर आये. छोटे-छोटे बच्चों के हाथों में लहराते ध्वज ने पूरे मार्ग में भावनात्मक और भक्तिमय दृश्य उपस्थित कर दिया, जिसने राहगीरों को भी श्रद्धा से भर दिया. निशान यात्रा से एक दिन पूर्व सूर्यगढ़ा में खाटू श्याम का भव्य दरबार सजाया गया. विधि-विधान से पूजा-पाठ, भजन-कीर्तन और रात्रि जागरण का आयोजन हुआ, इसमें महिलाओं ने पूरी रात भक्ति गीतों के साथ श्याम बाबा की आराधना की. मंगलवार सुबह स्नान-ध्यान के बाद मंदिर को रथनुमा स्वरूप देकर वाहन पर स्थापित किया गया और महिलाओं के मंगल गीतों के बीच यात्रा का शुभारंभ हुआ. इस धार्मिक आयोजन में मुख्य रूप से मारवाड़ी समाज के श्याम भक्तों की सक्रिय सहभागिता रही. उल्लेखनीय है कि इस परंपरा की शुरुआत वर्ष 2022 में सूर्यगढ़ा मारवाड़ी समाज द्वारा की गयी थी, जो अब हर वर्ष अधिक श्रद्धालुओं को जोड़ते हुए क्षेत्र का एक महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन बनती जा रही है. निशान यात्रा केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि समाज में एकता, अनुशासन और भक्ति के माध्यम से आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का माध्यम भी है. सूर्यगढ़ा से लखीसराय तक गूंजता “खाटू श्याम बाबा की जय” का उद्घोष श्याम भक्तों की अटूट आस्था और अविचल विश्वास का प्रमाण बना रहा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >