लखीसराय जिले के रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत महदेवा गांव में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और जमकर लाठी-डंडे चले. इस खूनी संघर्ष में दोनों ओर से दो महिलाओं सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. अचानक हुई इस मारपीट के बाद गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बना रहा.
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, महदेवा गांव में जमीन के एक टुकड़े को लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था. सोमवार-मंगलवार के दौरान इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले तीखी नोकझोंक और गाली-गलौज शुरू हुई. विवाद इतना उग्र हो गया कि दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े, जिसमें कई लोग लहूलुहान हो गए.
एक पक्ष से पांच तो दूसरे पक्ष से एक महिला घायल
इस हिंसक मारपीट में प्रथम पक्ष से पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं. घायलों में मदन यादव (पिता- नारायण यादव), शंभू यादव (पिता- गरीब यादव), गरीब यादव (पिता- शिव यादव), विनय कुमार (पिता- राजो यादव) तथा पूजा कुमारी (पति- शंभू यादव) शामिल हैं.
वहीं दूसरे पक्ष से प्रहलाद यादव की पत्नी रूबी देवी गंभीर रूप से चोटिल हुई हैं. दोनों पक्षों के घायलों के सिर, हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों में गहरी चोटें आई हैं.
सदर अस्पताल में घायलों का चल रहा इलाज
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों ने बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया. इसके बाद आनन-फानन में सभी घायलों को इलाज के लिए स्थानीय स्तर पर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर चिकित्सा के लिए लखीसराय सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया.
सदर अस्पताल के आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सकों द्वारा सभी घायलों का सघन इलाज किया जा रहा है. चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर और स्थिर बनी हुई है.
पुलिस को दी गई सूचना, बयान दर्ज कर कार्रवाई में जुटी टीम
मारपीट की इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही रामगढ़ चौक थाना पुलिस सक्रिय हो गई है. पुलिस की एक टीम ने सदर अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति का जायजा लिया और दोनों पक्षों के पीड़ितों का फर्दबयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
थाना पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से प्राप्त आवेदनों और बयानों के आधार पर सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. गांव में दोबारा किसी तरह का तनाव न भड़के, इसके लिए स्थानीय चौकीदार और पुलिस गश्ती दल को नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं.
