Lakhisarai News: लखीसराय. भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की ओर से एक सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली ‘बदलाव जरूरी’ रैली को लेकर लखीसराय में जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है. सोमवार को लखीसराय प्रखंड के विभिन्न गांवों में ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (एआईवाईएफ) की ओर से सघन जनसंपर्क अभियान चलाया गया. चौटहा गांव में आयोजित युवाओं की बैठक में लखीसराय प्रखंड से 200 से अधिक नौजवान कार्यकर्ताओं के दिल्ली पहुंचकर रैली में शामिल होने का निर्णय लिया गया.
गांव-गांव पहुंचकर युवाओं से किया संपर्क
जनसंपर्क अभियान का नेतृत्व एआईवाईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रौशन कुमार सिन्हा, पूर्व जिलाध्यक्ष रंजीत पासवान, जिला सचिव गुड्डू यादव और जिला उपाध्यक्ष हकीम पासवान ने किया. इस दौरान विभिन्न गांवों में युवाओं से संपर्क कर रैली के उद्देश्यों और संगठन की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों की जानकारी दी गई.
बेरोजगारी और महंगाई के मुद्दे पर आंदोलन
चौटहा गांव में आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए एआईवाईएफ के राष्ट्रीय अध्यक्ष रौशन कुमार सिन्हा ने कहा कि देश में बेरोजगारी और महंगाई लगातार बढ़ रही है. छात्र, नौजवान, किसान और मजदूर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि इन्हीं सवालों को लेकर सीपीआई की ओर से ‘बदलाव जरूरी’ रैली आयोजित की जा रही है.
रोजगार कानून बनाने की मांग
रौशन कुमार सिन्हा ने कहा कि पार्टी बेरोजगारी के खिलाफ आंदोलन कर रही है और महंगाई पर रोक लगाने की मांग उठा रही है. इसके साथ ही ‘भगत सिंह राष्ट्रीय रोजगार गारंटी कानून’ बनाने तथा छात्र-नौजवानों और किसानों से जुड़े सवालों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है.
दिल्ली रैली में देशभर से जुटेंगे कार्यकर्ता
उन्होंने कहा कि दिल्ली में होने वाली रैली में देशभर से सीपीआई के हजारों कार्यकर्ताओं के शामिल होने की उम्मीद है. एआईवाईएफ ने भी रैली का समर्थन किया है. लखीसराय से अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव अभियान चलाया जा रहा है.
200 से अधिक युवाओं के शामिल होने का दावा
बैठक में निर्णय लिया गया कि लखीसराय प्रखंड से 200 से अधिक नौजवान कार्यकर्ता एक सितंबर को दिल्ली पहुंचकर रैली में शामिल होंगे. रौशन कुमार सिन्हा ने युवाओं से बड़ी संख्या में दिल्ली पहुंचने और रैली को सफल बनाने की अपील की.
ये कार्यकर्ता रहे मौजूद
Lakhisarai News: अभियान के दौरान शाखा सचिव अटल कुमार, सिंटू कुमार, भरत, सुबोध, रोहित, गुलशन, शैलेंद्र समेत दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे.
