लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट.
Lakhisarai Weather Today: लखीसराय में गुरुवार सुबह मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया. तेज धूप निकलने के बावजूद चल रही ठंडी हवा के झोंकों ने लोगों को गर्मी से कुछ राहत दी. आसमान में हल्के बादल भी छाए रहे. मौसम विभाग के अनुसार दोपहर बाद मौसम फिर करवट ले सकता है और हल्की बारिश के साथ बादल छाने की संभावना है. लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
सुबह की हवा ने कम किया गर्मी का असर
पिछले दो दिनों से लखीसराय भीषण गर्मी और उमस से परेशान था. लेकिन गुरुवार सुबह से मौसम कुछ राहतभरा महसूस हुआ. तेज धूप के बीच चल रही हवा ने गर्मी का असर कम कर दिया. सुबह के समय बाजार और सड़कों पर लोगों की आवाजाही सामान्य दिखी. हालांकि मौसम विभाग ने दोपहर के बाद तापमान बढ़ने की संभावना जताई है.
33 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
मौसम विभाग के मुताबिक गुरुवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. फिलहाल लू चलने की संभावना नहीं है, लेकिन गर्मी और उमस बनी रह सकती है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मौसम में लगातार बदलाव हो रहा है.
सांस के मरीजों को सतर्क रहने की सलाह
मौसम विभाग ने खासकर सांस और एलर्जी के मरीजों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. धूल और उमस बढ़ने की स्थिति में मास्क लगाकर घर से बाहर निकलने को कहा गया है. चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम में वायरल संक्रमण और सांस संबंधी परेशानी बढ़ सकती है.
29 मई को बूंदाबांदी के आसार
पूर्वानुमान के अनुसार 29 मई की सुबह गरज के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. उस दिन न्यूनतम तापमान 27 डिग्री और अधिकतम तापमान 32 से 33 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने लोगों से तेज धूप के समय जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है.
Also Read: विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर बेगूसराय से टोक्यो तक गूंजा ‘पीरियड जागरूकता अभियान’
