लखीसराय से राजेश कुमार की रिपोर्ट:
Lakhisarai Teachers Association Meeting: बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ जिला शाखा, लखीसराय की जिला कार्यसमिति की सामान्य बैठक शनिवार को पंजाबी मुहल्ला स्थित संघ भवन कार्यालय में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष राम किंकर सिंह ने की. इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों, सदस्यता अभियान और वित्तीय मामलों समेत कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए अहम निर्णय लिए गए.
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिला मूल्यांकन सचिव के खाते में लंबित राशि को एक सप्ताह के भीतर जिला माध्यमिक शिक्षक संघ के खाते में समायोजित किया जाए. कार्यसमिति ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में राशि समायोजित नहीं होने की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी को पद से अपदस्थ माना जाएगा. साथ ही आगे की कार्रवाई के लिए कार्यसमिति ने संगठन को अधिकृत किया.
सदस्यता अभियान की समीक्षा
बैठक में सदस्यता अभियान की समीक्षा करते हुए बताया गया कि लखीसराय, बड़हिया और पिपरिया प्रखंड में शत-प्रतिशत सदस्यता का लक्ष्य पूरा कर लिया गया है. वहीं अन्य प्रखंडों में सदस्यता अभियान का कार्य प्रगति पर है.
शिक्षक-कर्मियों का सम्मेलन होगा आयोजित
सांस्कृतिक और संगठनात्मक एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से जिले के माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मियों का एक संयुक्त सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया. इस सम्मेलन में संघ के राज्य महासचिव सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों को आमंत्रित किया जाएगा.
पूर्व सचिव के निष्कासन का निर्णय
बैठक में पूर्व सचिव संजीव कुमार के विरुद्ध लगाए गए आरोपों पर भी विचार-विमर्श किया गया. कार्यसमिति ने उन्हें तत्काल प्रभाव से बिहार माध्यमिक शिक्षक संघ से निष्कासित करने का निर्णय लिया. साथ ही इस संबंध में अनुमोदन के लिए प्रस्ताव की प्रति प्रमंडलीय कार्यसमिति को भेजने का निर्णय लिया गया.
बैठक में मूल्यांकन सचिव कुंदन कुमार, जिला सचिव रामलोचन, कोषाध्यक्ष महेश प्रसाद, राज्य कार्यसमिति सदस्य विपिन कुमार सिंह, प्रमंडल सह कार्यसमिति सदस्य राजेश कुमार, रामप्रवेश कुमार, सिद्धेश्वर प्रसाद सिंह, रंजीत कुमार राय, ज्ञानप्रकाश, रूपेश कुमार, मकेश्वर राम, सुधीर कुमार सिंह, जयंत कुमार, राकेश कुमार तथा अनुमंडल अध्यक्ष सहदेव प्रसाद सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
