लखीसराय में लगा सहयोग शिविर, अधिकारियों ने 30 दिनों के भीतर शिकायतों के समाधान का दिया आश्वासन

Suryagarha Sahyog Shivir : प्रधानमंत्री आवास से लेकर नल-जल, स्ट्रीट लाइट, पेंशन और जलजमाव जैसी समस्याओं को लेकर बड़ी संख्या में लोग सहयोग शिविर पहुंचे. अधिकारियों ने नागरिकों की शिकायतें दर्ज करते हुए 30 दिनों के भीतर निष्पादन का भरोसा दिलाया.

सूर्यगढ़ा(लखीसराय) से राजेश कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

Lakhisari News सूर्यगढ़ा नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड संख्या 1 से 6 के नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को प्रोजेक्ट गर्ल्स हाई स्कूल सूर्यगढ़ा परिसर में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन मुख्य पार्षद रूपम देवी, उप मुख्य पार्षद बालेश्वर सिंह, कार्यपालक पदाधिकारी राकेश कुमार सोहित एवं नगर प्रबंधक लालसा प्रिया ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर अपनी समस्याओं और शिकायतों को अधिकारियों के समक्ष रखा.

विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे नागरिक

सहयोग शिविर में वार्ड संख्या 1 से 6 तक के नागरिकों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों का पंजीकरण किया गया. लोगों ने प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, वार्डों की साफ-सफाई, नल-जल योजना, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट, प्याऊ, जन्म प्रमाण पत्र, सड़क एवं नाला निर्माण सहित कई बुनियादी सुविधाओं से संबंधित आवेदन जमा किए. शिविर में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और लोगों ने अपनी समस्याओं को विस्तार से अधिकारियों के समक्ष रखा.

पेंशन, अतिक्रमण और जलजमाव के मुद्दे भी उठे

शिविर के दौरान वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, भूमि अतिक्रमण और जलजमाव जैसी समस्याओं से जुड़े आवेदन भी बड़ी संख्या में प्राप्त हुए. कई लोगों ने सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने और आधारभूत सुविधाओं में सुधार की मांग को लेकर आवेदन सौंपे. अधिकारियों ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उनके समाधान का आश्वासन दिया.

तय अवधि के भीतर मामलों का समाधान का दिया भरोसा

मुख्य पार्षद रूपम देवी और उप मुख्य पार्षद बालेश्वर सिंह ने कहा कि शिविर में प्राप्त शिकायतों के निष्पादन के लिए 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है. उन्होंने स्पष्ट किया कि तय अवधि के भीतर सभी मामलों का समाधान सुनिश्चित करने का प्रयास किया जायेगा. साथ ही यह भी बताया कि निर्धारित समय में शिकायतों का निपटारा नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई का भी प्रावधान है. इससे लोगों में समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है.

हेल्प डेस्क और विशेष योजनाओं की भी रही व्यवस्था

शिविर में लोगों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई थी. इसके अलावा विद्युत विभाग एवं प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना से संबंधित मामलों में भी आवेदन लिए गए. अधिकारियों और कर्मियों ने लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी तथा आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया. इससे नागरिकों को एक ही स्थान पर कई विभागों से जुड़ी सेवाओं का लाभ मिला.

जनसमस्याओं के समाधान की दिशा में पहल

नगर परिषद प्रशासन ने शिविर को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया. अधिकारियों ने नागरिकों से भविष्य में भी ऐसे शिविरों में भाग लेने और अपनी समस्याओं एवं सुझावों को प्रशासन तक पहुंचाने की अपील की. शिविर में कनीय अभियंता अभिषेक कुमार, प्रधान सहायक प्रिंस कुमार, वार्ड पार्षद अभिषेक कुमार, फूल कुमार सहित नगर परिषद के कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Amit kumar sinh

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >