आधी-अधूरी योजनाओं में राशि निकासी का आरोप, छह माह से आम सभा नहीं होने पर भी उठे सवाल.
लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट:
Lakhisarai news: लखीसराय जिले के सदर प्रखंड में विकास योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. कई पंचायतों में योजनाओं का कार्य अधूरा रहने के बावजूद राशि निकासी किए जाने के आरोप सामने आए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि योजनाओं में अनियमितता और लापरवाही के कारण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं, जबकि शिकायत करने वालों को विरोध का सामना करना पड़ता है.
जानकारी के अनुसार सदर प्रखंड में स्वीकृत 329 योजनाओं में से अब तक केवल 24 योजनाएं ही पूरी हो सकी हैं. वहीं कई योजनाओं का कार्य धरातल पर बेहद धीमी गति से चल रहा है. गढ़ी बिशनपुर पंचायत में गली-नाली, आरसीसी नाला एवं अन्य विकास योजनाओं में अनियमितता के आरोप लगाए गए हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि योजनाओं के लिए राशि उपलब्ध होने के बावजूद कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हो रहा है.
चापाकल मरम्मत योजनाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं बताई जा रही है. 15वें वित्त आयोग की योजनाओं के तहत स्वीकृत 5104 कार्यों में से केवल 32 कार्य पूरे होने की बात सामने आई है.
छह माह से नहीं हुई आम सभा
गढ़ी बिशनपुर पंचायत में पिछले छह माह से आम सभा आयोजित नहीं होने का भी आरोप लगाया गया है. ग्रामीणों का कहना है कि आम सभा नहीं होने से नई योजनाओं के चयन और विकास कार्यों की समीक्षा की प्रक्रिया प्रभावित हो रही है. पंचायत स्तर पर योजनाओं को लेकर पारदर्शिता की कमी महसूस की जा रही है.
स्थानीय लोगों के अनुसार पंचायत की निर्वाचित मुखिया को कई योजनाओं की जानकारी नहीं है और अधिकांश कार्यों का संचालन उनके पति मनोज कुमार द्वारा किया जाता है. हालांकि पंचायत की सभी योजनाएं सरकारी पोर्टल पर अपलोड हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कार्यों की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप नहीं दिख रही है.
प्राक्कलन से कम कार्य कराने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि कई योजनाओं में स्वीकृत प्राक्कलन के अनुरूप कार्य नहीं कराया जा रहा है. उदाहरण के तौर पर 100 फीट सड़क या नाला निर्माण की स्वीकृति मिलने पर मात्र 50 फीट कार्य कराकर पूरी राशि की निकासी किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं. हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
क्या कहते हैं मुखिया प्रतिनिधि
मुखिया प्रतिनिधि मनोज कुमार ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि पंचायत में उपलब्ध राशि के अनुसार योजनाओं का कार्य कराया जा रहा है. उन्होंने बताया कि पंचायत फंड उपलब्ध होते ही शेष कार्य भी पूरे किए जाएंगे. साथ ही जल्द ही आम सभा आयोजित करने की बात कही.
अधिकारी ने क्या कहा
पंचायती राज पदाधिकारी पम्मी रानी ने कहा कि कई बार पोर्टल पर दर्ज आंकड़ों और जमीनी स्थिति को लेकर भ्रम की स्थिति बन जाती है. उन्होंने बताया कि यदि किसी योजना में प्राक्कलन के अनुरूप कार्य नहीं होने की शिकायत मिलती है तो उसकी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है.
