जिला परिषद अध्यक्ष अंशु कुमारी की पहल, कई गांवों और बाजारों में बढ़ी सुरक्षा व सुविधा
हलसी (लखीसराय) से केशव कुमार की रिपोर्ट:
Lakhisarai news: ग्रामीण क्षेत्रों को अंधेरे से मुक्ति दिलाने और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला परिषद अध्यक्ष अंशु कुमारी की पहल रंग लाने लगी है. उनके प्रयास से हलसी प्रखंड मुख्यालय सहित कई गांवों और प्रमुख चौक-चौराहों पर हाई मास्ट लाइटें स्थापित की गई हैं, जिससे पूरे क्षेत्र में रात के समय भी उजाला रहने लगा है.
हलसी प्रखंड मुख्यालय के अलावा घोंघसा, तरहारी, मोहदीनगर चौक, सेठना, मातासी, बहरामा, कैदी, हजारी मोड़ और प्रेमडीहा जैसे घनी आबादी वाले गांवों एवं छोटे बाजारों में आधुनिक हाई मास्ट लाइटें लगाई गई हैं. इससे रात के समय आवागमन करने वाले लोगों को काफी सहूलियत मिल रही है.
रात में आवागमन हुआ आसान और सुरक्षित
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पहले मुख्य चौक-चौराहों और सड़कों पर अंधेरा पसरा रहता था. इससे राहगीरों को परेशानी होती थी और दुर्घटना या असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती थी. हाई मास्ट लाइट लगने के बाद अब रात में भी सड़कें और बाजार क्षेत्र पूरी तरह रोशन दिखाई देते हैं, जिससे लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ी है.
छोटे व्यापारियों को भी मिला लाभ
हलसी, प्रेमडीहा, कैदी, हजारी मोड़ और मोहदीनगर चौक जैसे व्यस्त बाजारों में रोशनी की बेहतर व्यवस्था होने से छोटे दुकानदारों को भी राहत मिली है. अब वे देर शाम तक अपनी दुकानें संचालित कर पा रहे हैं. व्यापारियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे बाजारों में रौनक बढ़ी है और कारोबार पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ा है.
ग्रामीण विकास प्राथमिकता : अंशु कुमारी
जिला परिषद अध्यक्ष अंशु कुमारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने बताया कि हाई मास्ट लाइट लगाने का मुख्य उद्देश्य रात में राहगीरों, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है.
उन्होंने कहा कि शेष घनी आबादी वाले क्षेत्रों में भी प्राथमिकता के आधार पर हाई मास्ट लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि कोई भी गांव या चौक अंधेरे में न रहे.
व्यवसायियों के लिए बन रही दुकानें
अंशु कुमारी ने बताया कि जिला परिषद की ओर से हलसी क्षेत्र के छोटे व्यापारियों और व्यवसायियों के लिए दुकानों का निर्माण भी कराया जा रहा है. इन दुकानों को उचित किराये पर उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यवसायियों को बेहतर कारोबारी माहौल मिल सके.
