बाइपास पुल बंद होने से शहर में बढ़ी परेशानी, विद्यापीठ चौक और गढ़ी विशनपुर में रोज लग रहा जाम

Lakhisarai news: शाम चार बजे के बाद स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. गढ़ी पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे छोटे-बड़े वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुल के दोनों छोर पर स्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती जरूरी है.

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट:

Lakhisarai news: बाइपास पुल में तकनीकी खराबी के कारण भारी वाहनों के परिचालन पर लगी रोक का असर अब शहर की यातायात व्यवस्था पर साफ दिखने लगा है. विद्यापीठ चौक, गढ़ी विशनपुर और गढ़ी पुल के आसपास प्रतिदिन भीषण जाम की स्थिति बन रही है. नो एंट्री के दौरान सड़कों पर ट्रकों की लंबी कतार लग जाने से आम लोगों को घंटों जाम में फंसना पड़ रहा है.

शाम चार बजे के बाद स्थिति और भी गंभीर हो जाती है. गढ़ी पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग जाती है, जिससे छोटे-बड़े वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए पुल के दोनों छोर पर स्थायी रूप से ट्रैफिक पुलिस की तैनाती जरूरी है.

शादी समारोह के वाहन भी जाम में फंसे

मंगलवार को जाम की समस्या का असर एक शादी समारोह पर भी देखने को मिला. सदर प्रखंड के वृंदावन पंचायत के मुखिया पति एवं पूर्व मुखिया मो. इरफान के रिश्तेदार की बारात और दूल्हे की गाड़ी घंटों जाम में फंसी रही. स्थिति बिगड़ने पर एसडीओ प्रभाकर कुमार के निर्देश पर टाउन थाना और किऊल थाना की पुलिस को मौके पर भेजा गया. करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जाम हटाया जा सका.

एक वर्ष तक चल सकती है पुल की मरम्मत

एसडीओ प्रभाकर कुमार और पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शिवम कुमार ने बताया कि बाइपास पुल की मरम्मत में करीब एक वर्ष का समय लग सकता है. इस अवधि में पुल से भारी वाहनों का परिचालन बंद रहेगा. मरम्मत को लेकर विशेषज्ञ अभियंताओं से तकनीकी परामर्श लिया जा रहा है और अंतिम निर्णय विभागीय उच्च अधिकारियों द्वारा लिया जाएगा.

वैकल्पिक सड़क निर्माण पर मंथन

मंगलवार को पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज पाल, डीएम अमरेंद्र कुमार, एसपी प्रेरणा कुमार, एसडीओ प्रभाकर कुमार, कार्यपालक अभियंता संजीव कुमार सिन्हा एवं अन्य अधिकारियों ने पुल का निरीक्षण किया. अधिकारियों ने पुल के नीचे वैकल्पिक मार्ग निर्माण की संभावनाओं का भी जायजा लिया.

पथ निर्माण विभाग के सचिव ने बुधवार को पटना में विभागीय अधिकारियों की बैठक बुलाई है. बैठक में बाइपास पुल और मलिया पुल की मरम्मत के साथ-साथ वैकल्पिक सड़क निर्माण पर विस्तार से चर्चा की जाएगी.

एक माह में बन सकती है वैकल्पिक सड़क

पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता शिवम कुमार ने बताया कि यदि स्वीकृति मिलती है तो पुल की मरम्मत शुरू होने से पहले लगभग एक माह के भीतर वैकल्पिक सड़क का निर्माण कराया जा सकता है. इससे जाम की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकेगा.

फिलहाल शहरवासियों को रोजाना लगने वाले जाम से राहत मिलने का इंतजार है और लोग प्रशासन से जल्द स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए हुए हैं.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >