Illegal Sand Mining: लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की. पुलिस ने अवैध बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया. कार्रवाई के दौरान चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
सूचना मिलते ही पुलिस ने की घेराबंदी
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को हलसी पुलिस को सूचना मिली थी कि क्षेत्र से होकर अवैध बालू लदा एक ट्रैक्टर गुजर रहा है. सूचना मिलते ही हलसी थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने तरहारी पिकेट के पदाधिकारी लक्ष्मण पांडे को कार्रवाई का निर्देश दिया.
पुलिस को देखकर चालक फरार
सूचना के आधार पर पिकेट पदाधिकारी ने गौरा गांव से पिपरा गांव की ओर जा रहे संदिग्ध ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही चालक ट्रैक्टर सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया. जांच के दौरान ट्रैक्टर पर अवैध बालू लदा पाया गया. जब्त ट्रैक्टर का रजिस्ट्रेशन नंबर BR 46GS 3303 है.
ट्रैक्टर मालिक पर दर्ज हुई प्राथमिकी
थानाध्यक्ष राजेश कुमार रंजन ने बताया कि अवैध बालू परिवहन के मामले में ट्रैक्टर मालिक के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. फरार चालक और वाहन मालिक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
अवैध खनन के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
Illegal Sand Mining: पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा. नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है.
