लखीसराय में चिलचिलाती धूप और उमस का कहर, पेड़ों की छांव में राहत तलाश रहे लोग

Lakhisarai Heat Wave : लखीसराय जिले में पिछले दो दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. सोमवार और मंगलवार को तेज धूप के साथ बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं. दिन में चिलचिलाती धूप और रात में गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही है. हालात ऐसे हैं कि लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और छांव वाली जगहों पर समय बिताने को मजबूर हैं.

लखीसराय से अजीत सिंह की रिपोर्ट

Lakhisari News : लखीसराय जिले में पिछले दो दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. सोमवार और मंगलवार को तेज धूप के साथ बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं. दिन में चिलचिलाती धूप और रात में गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही है. हालात ऐसे हैं कि लोग घरों से बाहर निकलने से बच रहे हैं और छांव वाली जगहों पर समय बिताने को मजबूर हैं.

दिन का चैन और रात की नींद दोनों हुई गायब

तेज धूप और उमस भरी गर्मी का असर लोगों की दिनचर्या पर साफ दिखाई दे रहा है. दिन के समय सड़कें अपेक्षाकृत सूनी नजर आ रही हैं, जबकि रात में भी लोगों को चैन की नींद नहीं मिल पा रही है. पंखों से निकलने वाली हवा भी गर्म महसूस हो रही है, जिससे लोगों की बेचैनी बढ़ गई है. खासकर बुजुर्ग, बच्चे और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.

गरीब और मध्यम वर्ग पर सबसे ज्यादा असर

भीषण गर्मी का सबसे अधिक प्रभाव मध्यम और गरीब वर्ग के लोगों पर पड़ रहा है. जहां संपन्न परिवार और अधिकारी एयर कंडीशनर की सुविधा से राहत पा रहे हैं, वहीं आम लोगों को गर्मी के बीच पंखे और प्राकृतिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है. कई लोग दोपहर के समय पेड़ों की छांव में बैठकर राहत पाने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं.

शीतल पेय पदार्थों की बढ़ी मांग

गर्मी से बचने के लिए लोग ठंडे पेय पदार्थों का अधिक सेवन कर रहे हैं. शहर के चौक-चौराहों पर गन्ने का जूस, नींबू पानी, लस्सी, आइसक्रीम और शरबत की दुकानों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है. इसके अलावा तरबूज, खीरा और ककड़ी जैसे मौसमी फलों की बिक्री भी बढ़ गई है. दुकानदारों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में इन वस्तुओं की मांग में काफी वृद्धि हुई है.

किसानों की बढ़ी चिंता

लगातार पड़ रही तेज धूप और बढ़ते तापमान का असर खेती-किसानी पर भी दिखाई देने लगा है. विशेष रूप से सब्जियों की फसलों पर गर्मी का प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है. खेतों में नमी कम होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है. कई किसानों का कहना है कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो उत्पादन प्रभावित हो सकता है, जिससे आर्थिक नुकसान होने की आशंका है.

बारिश का इंतजार, राहत की उम्मीद

मौसम विभाग की ओर से फिलहाल बारिश को लेकर कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है. ऐसे में लोगों की नजरें आसमान पर टिकी हैं. आम नागरिकों को उम्मीद है कि मानसून की सक्रियता बढ़ने और बारिश होने के बाद ही इस भीषण गर्मी और उमस से राहत मिल सकेगी. फिलहाल जिले में लोग गर्मी से बचाव के लिए हर संभव उपाय अपनाने में जुटे हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >