लखीसराय में महिला को डायन बताकर घर से घसीटा, पीटकर किया अधमरा

Lakhisarai Crime News: लखीसराय के पीरीबाजार में अंधविश्वास की भयावह तस्वीर सामने आयी है. ‘डायन’ बताकर एक बुजुर्ग महिला को घर से घसीटा गया और फिर ईंट-पत्थर, लाठी और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा गया. महिला को बचाने पहुंची उसकी पोती भी हमले में गंभीर रूप से घायल हो गयी.

पीरीबाजार, लखीसराय से रविराज आनंद की रिपोर्ट.

Lakhisarai Crime News: लखीसराय जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र के कटहरा गांव में अंधविश्वास के नाम पर इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आयी है. गांव के कुछ लोगों ने एक बुजुर्ग महिला पर ‘डायन’ होने का आरोप लगाकर जानलेवा हमला कर दिया. हमलावरों ने महिला को घर से बाहर घसीटकर ईंट-पत्थर, लाठी-डंडे और लोहे की रॉड से बेरहमी से पीटा, जिससे उनके दोनों हाथ और एक पैर टूट गया. फिलहाल घायल महिला और उसकी पोती का इलाज पटना पीएमसीएच में चल रहा है.

‘डायन’ कहकर घर पर पहुंचा हमला करने वाला समूह

पीड़ित धनेश्वर यादव ने पुलिस को दिये आवेदन में बताया कि 20 मई की शाम गांव के कुछ लोग अचानक उनके घर पहुंचे और उनकी पत्नी मंती देवी को ‘डायन’ बताते हुए गाली-गलौज करने लगे.

आरोपियों ने आरोप लगाया कि मंती देवी ने जादू-टोना कर एक लड़की की जान ले ली और दूसरे बच्चे को बीमार कर दिया. देखते ही देखते विवाद हिंसक हो गया और महिलाओं ने ईंट-पत्थर से हमला शुरू कर दिया.

लाठी और लोहे की रॉड से किया हमला

कुछ ही देर में कई पुरुष भी लाठी, खंती और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंच गये. आरोप है कि सभी ने मिलकर मंती देवी पर ताबड़तोड़ हमला किया और उन्हें घसीटते हुए जंगल की ओर ले जाने लगे.

हमलावर चिल्ला रहे थे कि “आज जान से मार देंगे.” इसी दौरान दादी को बचाने पहुंची पोती अर्चना कुमारी को भी डंडों से पीटकर घायल कर दिया गया.

ग्रामीणों ने बचायी जान, पीएमसीएच में चल रहा इलाज

घटना की आवाज सुनकर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह महिला को हमलावरों के चंगुल से छुड़ाया. बाद में घायल महिला को ई-रिक्शा से थाने और फिर इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया.

पीड़ित परिवार ने गांव के ही सुनील यादव को मुख्य साजिशकर्ता बताते हुए कुल 10 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी है. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस बोली, मामले की जांच जारी

पीरीबाजार थाना अध्यक्ष चंद्रवीर सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है और मामले का पर्यवेक्षण कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.

इस घटना ने एक बार फिर अंधविश्वास और ग्रामीण क्षेत्रों में फैली कुरीतियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.

Also Read: IGIMS में आयुष्मान घोटाला, 45 लाख का गबन, चार आउटसोर्स कर्मियों पर केस, फंसेंगे कई और

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >