चानन (लखीसराय) से रंजन पासवान की रिपोर्ट:
Kundar Village Waterlogging: प्रखंड के कुंदर गांव में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य सड़क पर जलजमाव की समस्या गंभीर होती जा रही है. सड़क पर जमा गंदे पानी और कीचड़ से ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित हो रहा है, जबकि दुर्गंध और गंदगी से लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने लगा है.
ग्रामीणों ने बताया कि घरों से निकलने वाला पानी मुख्य सड़क पर जमा हो जाता है. इससे सड़क पर कीचड़ और जलजमाव की स्थिति बनी रहती है. सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और आंगनबाड़ी केंद्र जाने वाले छोटे बच्चों को हो रही है.
दुर्गंध और बीमारियों का बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों के अनुसार गर्मी के दिनों में नाली के दूषित पानी से उठने वाली दुर्गंध आसपास के घरों तक पहुंच जाती है. इससे लोगों को काफी परेशानी होती है. ग्रामीणों का कहना है कि गंदे पानी और जलजमाव के कारण बच्चों के बीमार पड़ने की घटनाएं बढ़ रही हैं. कई लोगों को उल्टी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है.
पंपसेट से निकालते हैं पानी
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या से राहत पाने के लिए समय-समय पर पंपसेट लगाकर सड़क पर जमा पानी निकाला जाता है. हालांकि कुछ घंटों बाद फिर वही स्थिति बन जाती है. ऐसे में यह उपाय केवल अस्थायी राहत ही दे पा रहा है.
अधूरी नाली बनी समस्या की जड़
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आंशिक रूप से नाली निर्माण कार्य कराया गया था, लेकिन कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के कारण जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका. नतीजतन सड़क पर लगातार पानी जमा रहता है.
ग्रामीणों ने बीडीओ से लगाई गुहार
ग्रामीणों ने प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रिया कुमारी से गांव में नाली निर्माण कार्य को पूरा कराने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो बरसात के मौसम में हालात और भी गंभीर हो सकते हैं.
