हवेली खड़गपुर मुंगेर से रतन झा की रिपोर्ट
Munger News : प्रखंड मुख्यालय में आयोजित इस दो दिवसीय शिविर का उद्देश्य अंतिम पात्र व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है. बिहार के सभी 534 प्रखंडों में एक साथ आयोजित होने वाले इस अभियान के तहत विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी.
एक ही मंच पर मिलेंगी दर्जनों सरकारी योजनाओं की सुविधा
प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि शिविर में विभिन्न योजनाओं से जुड़े लंबित कार्यों का निष्पादन किया जाएगा. इसमें आवेदन, निबंधन, सत्यापन और ई-केवाईसी जैसी प्रक्रियाएं शामिल होंगी. साथ ही पात्र लाभार्थियों को स्वीकृत योजनाओं का लाभ भी तुरंत दिया जाएगा.
आयुष्मान से लेकर किसान योजना तक सभी सेवाएं रहेंगी उपलब्ध
शिविर में आयुष्मान भारत योजना, आयुष्मान वय वंदना कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), पीएम किसान सम्मान निधि, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री उद्यमी योजना और अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के काउंटर लगाए जाएंगे.इसके अलावा दिव्यांग कल्याण, निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड और स्वयं सहायता भत्ता योजना से जुड़ी सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी.
हेल्प डेस्क और मेडिकल सुविधा भी रहेगी मौजूद
लाभार्थियों की सुविधा के लिए प्रत्येक योजना हेतु अलग अलग काउंटर और नोडल पदाधिकारी की तैनाती की जाएगी. साथ ही हेल्प डेस्क भी बनाया जाएगा, जहां लोग आवेदन भरने और दस्तावेज जांच में सहायता प्राप्त कर सकेंगे.शिविर स्थल पर मेडिकल स्टॉल भी रहेगा, जहां रक्तचाप, शुगर जांच और स्वास्थ्य परामर्श की सुविधा दी जाएगी.
प्रशासन ने की अपील, जरूरी दस्तावेज साथ लाएं लाभार्थी
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे आधार कार्ड, राशन कार्ड और बैंक पासबुक सहित सभी जरूरी दस्तावेज लेकर शिविर में पहुंचें, ताकि किसी भी तरह की परेशानी न हो.जिला स्तर पर निगरानी और पंचायत स्तर पर प्रचार प्रसार सुनिश्चित किया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक लोग इस योजना का लाभ उठा सकें.
