धावा दल एलपीजी की कालाबाजारी रोकने को लगातार कर रही जांच

भारत सरकार के नये निर्देशों के तहत वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए अब एक नया नियम लागू किया गया है.

25 दिन बाद ही होगी दूसरी बुकिंग

फोटो संख्या 09- गैस गोदाम की जांच करते धावा दल

प्रतिनिधि, लखीसराय.मध्य पूर्व में जारी युद्ध के कारण एलपीजी गैस की वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई है. इसका असर स्थानीय स्तर पर न पड़े और जिले में गैस की किल्लत या कालाबाजारी न हो, इसे लेकर लखीसराय जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है. जिलाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों में त्रिसदस्यीय ””धावा दल”” का गठन किया गया है, जो लगातार गैस गोदाम सहित अन्य जगहों का निरीक्षण कर रही है. इसी क्रम में बुधवार को जिले में दो स्थानों पर सघन निरीक्षण भी किया गया है.

अफवाहों पर न दें ध्यान, जिले में स्टॉक पर्याप्त

जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जिले में गैस की कोई कमी नहीं है. वर्तमान में लखीसराय की 16 गैस एजेंसियों के पास कुल 4137 सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है. प्रशासन ने आम जनता से अपील किया है कि वे घबराएं नहीं और गैस एजेंसियों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं. उपभोक्ता केवल आवश्यकतानुसार ही सिलेंडर प्राप्त करें. उन्होंने बताया कि भारत सरकार के नये निर्देशों के तहत वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए अब एक नया नियम लागू किया गया है. अब कोई भी घरेलू उपभोक्ता अपने पिछले सिलेंडर की डिलीवरी के 25 दिन बाद ही नये सिलेंडर की बुकिंग कर सकेगा. बुकिंग दर्ज होने के 2 से 3 दिनों के भीतर सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जायेगी.

कालाबाजारी करने वालों पर होगी सीधी कार्रवाई

प्रशासन ने सभी एलपीजी वितरकों को सख्त चेतावनी दी है कि जमाखोरी या कालाबाजारी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ गिरफ्तारी भी की जायेगी.

पीएनजी कनेक्शन के लिए करें संपर्क

बड़हिया और लखीसराय नगर परिषद क्षेत्र के निवासियों को पाइप नेचुरल गैस अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. आईओसीएल द्वारा आपूर्ति की जा रही इस सेवा के लिए इच्छुक परिवार नोडल पदाधिकारी के मोबाइल नंबर 8565835550 पर संपर्क कर नया कनेक्शन ले सकते हैं.

शिकायत के लिए हेल्पलाइन:

गैस वितरण से जुड़ी किसी भी समस्या या शिकायत के लिए लखीसराय समाहरणालय में कंट्रोल रूम बनाया गया है. नागरिक दूरभाष संख्या 06346-232952 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.

—————————————————————————————————

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >