लखीसराय से अजीत सिंह एवं देव कुमार की रिपोर्ट
International Yoga Day : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर लखीसराय में जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर लोगों को फिट और निरोग रहने का संदेश दिया. अधिकारियों ने कहा कि रोजाना सिर्फ एक घंटा योग करने से कई बीमारियों से बचा जा सकता है और जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाई जा सकती है.
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ
योग दिवस कार्यक्रम का उद्घाटन एडीएम नीरज कुमार, सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह, डीपीएम सुधांशु नारायण लाल तथा अन्य चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद उपस्थित अधिकारियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया.
योग इस युग की संजीवनी: एडीएम
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एडीएम नीरज कुमार ने कहा कि आज की व्यस्त जीवनशैली में लोगों को अपने स्वास्थ्य के लिए प्रतिदिन कम से कम एक घंटा अवश्य निकालना चाहिए. उन्होंने कहा कि योग वर्तमान समय में संजीवनी का कार्य कर रहा है.उन्होंने बताया कि शरीर के विभिन्न अंगों जैसे आंख, सिर, हाथ, पेट और अन्य अंगों को स्वस्थ रखने के लिए अलग-अलग योगाभ्यास उपलब्ध हैं. लोग टीवी और अन्य माध्यमों से भी योग सीखकर नियमित अभ्यास कर सकते हैं.
योग बदलता है जीवनशैली: सिविल सर्जन
सिविल सर्जन डॉ. जय प्रकाश सिंह ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि बेहतर जीवनशैली की कुंजी है. नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है तथा अनेक बीमारियों से बचाव संभव है.उन्होंने कहा कि विभिन्न रोगों के लिए अलग-अलग प्रकार के योग और प्राणायाम निर्धारित हैं, जिनका नियमित अभ्यास स्वास्थ्य लाभ पहुंचाता है.
चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी भी हुए शामिल
खेल भवन में आयोजित योग कार्यक्रम में अधिकारियों के साथ सदर अस्पताल के चिकित्सक, चिकित्सा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में स्वास्थ्यकर्मी शामिल हुए. सभी ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.
स्वस्थ समाज के निर्माण का माध्यम बना योग
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने का माध्यम बना. वक्ताओं ने कहा कि नियमित योग न केवल बीमारियों से बचाव करता है, बल्कि मानसिक शांति और आत्मविश्वास भी बढ़ाता है.
