लखीसराय. शिक्षा में नवाचार और आधुनिक तकनीकों के समावेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्थानीय माउंट लिटरा जी स्कूल में लिट्रा नोवा पर आधारित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. प्रशिक्षण जी लर्न की सीडीएस जेबा तस्लीम और निहारिका द्वारा संचालित किया गया. जिसमें शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक पर आधारित नवीनतम शिक्षण पद्धतियों से अवगत कराया गया. मौके पर बताया गया कि लिट्रा नोवा एक उन्नत शिक्षण प्रणाली है, जो एआई तकनीक का उपयोग करके छात्रों की सीखने की क्षमता को बेहतर बनाने में मदद करती है. इस प्रणाली के माध्यम से शिक्षण को अधिक इंटरैक्टिव, डेटा-ड्रिवन और व्यक्तिगत बनाया जाता है, जिससे छात्रों को उनके सीखने की गति और रुचि के अनुसार मार्गदर्शन मिल सके. प्रशिक्षण सत्र के दौरान जी लर्न टीम के विशेषज्ञों ने कई प्रमुख विषयों पर प्रकाश डाला. जिसमें एआई आधारित शिक्षण तकनीक, एआई की मदद से स्मार्ट क्लास रूम को अधिक प्रभावी और छात्रों के अनुकूल बनाने के तरीके, एआई एल्गोरिदम का उपयोग करके छात्रों की प्रगति को ट्रैक करना और उन्हें व्यक्तिगत फीडबैक देना, डिजिटल और इंटरएक्टिव लर्निंग, डिजिटल टूल्स और स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से पढ़ाई को और रोचक बनाना, ऑनलाइन संसाधनों और एआई चैटबॉट्स का उपयोग कर छात्रों को अतिरिक्त सहायता प्रदान करना, व्यक्तिगत शिक्षा, प्रत्येक छात्र की क्षमता और रूचि के आधार पर उन्हें व्यक्तिगत मार्गदर्शन देना, डेटा विश्लेषण के माध्यम से उनकी कमजोरियों और मजबूत पक्षों की पहचान करना, शिक्षकों की भूमिका में बदलाव, पारंपरिक शिक्षण से हटकर एक फैसिलिटेटर और गाइड के रूप में शिक्षकों की भूमिका को सशक्त बनाना, एआई और मशीन लर्निंग के माध्यम से छात्रों के साथ अधिक प्रभावी संवाद स्थापित करना था. ‘लिट्रा नोवा’ के तहत दी गयी ट्रेनिंग से न केवल शिक्षकों की दक्षता बढ़ेगी, बल्कि छात्रों को भी नयी और उन्नत शिक्षण तकनीकों का लाभ मिलेगा. मौके पर चेयरमैन संजीव स्नेही ने कहा कि एआई आधारित शिक्षा भविष्य की आवश्यकता है. लिट्रा नोवा छात्रों को एक अनुकूल और स्मार्ट लर्निंग प्लेटफॉर्म प्रदान करेगा, जिससे वे प्रतिस्पर्धात्मक दुनिया में खुद को बेहतर तरीके से तैयार कर सकेंगे. यह तकनीक छात्रों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और व्यक्तिगत बनायेगी. स्कूल के सेक्रेटरी विजेता स्नेही ने कहा कि यह प्रशिक्षण शिक्षकों के लिए बेहद उपयोगी रहा. उन्हें उम्मीद है कि ‘लिट्रा नोवा’ की मदद से हम छात्रों को अधिक आधुनिक और प्रभावी शिक्षा प्रदान कर सकेंगे, जिससे उनका सर्वांगीण विकास हो सके.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
